महिला ने शरद कपूर के खिलाफ छेड़छाड़ मामले में उठाए गंभीर सवाल, कोर्ट में दायर की याचिका
सारांश
Key Takeaways
- शरद कपूर पर छेड़छाड़ का आरोप
- महिला ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की
- पुलिस जांच पर उठाए सवाल
- अगली सुनवाई की तारीख ६ मार्च
- महिला ने क्राइम ब्रांच से जांच की मांग की
मुंबई, २४ फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। फिल्म इंडस्ट्री के अभिनेता शरद कपूर पर छेड़छाड़ के आरोपों का मामला अब नया मोड़ ले चुका है। ३२ वर्षीय शिकायतकर्ता महिला ने इस मामले में पुलिस की जांच पर सवाल उठाते हुए बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख किया है। उन्होंने कोर्ट में याचिका दायर कर मांग की है कि इस मामले की जांच खार पुलिस से हटाकर क्राइम ब्रांच को सौंपी जाए। अदालत ने इस याचिका पर सुनवाई करते हुए मामले की अगली सुनवाई की तारीख ६ मार्च तय की है।
महिला का आरोप है कि शरद कपूर ने एक प्रोजेक्ट पर चर्चा करने के बहाने उसे अपने घर बुलाया और वहां उसके साथ छेड़छाड़ की। शिकायतकर्ता ने पहले ही खार पुलिस स्टेशन में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने निष्पक्ष जांच नहीं की और जानबूझकर आरोपी को बचाने का प्रयास किया। इसी कारण महिला ने हाईकोर्ट में हस्तक्षेप की मांग की है।
महिला के वकील अली काशिफ खान ने राष्ट्र प्रेस से बातचीत में कहा, "महिला ने पहले ही पुलिस कंप्लेंट अथॉरिटी के खिलाफ याचिका दायर की है। पिछले दो सुनवाई में संबंधित पुलिस अधिकारी कोर्ट में उपस्थित नहीं हुए, जो गंभीर लापरवाही है। इसी आधार पर हमने इन अधिकारियों को निलंबित करने की मांग की है।"
वकील ने कहा, "भले ही कॉल डिटेल्स, स्क्रीनशॉट्स और अन्य डिजिटल सबूत मौजूद हैं, लेकिन शरद कपूर को अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा था कि ऐसे मामलों में गिरफ्तारी तुरंत नहीं होती, जबकि इसी तरह के अन्य मामले में गिरफ्तारी की गई थी। पुलिस का यह रवैया अस्वीकार्य है।"
वकील ने चार्जशीट पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "जांच अधिकारियों ने चार्जशीट में लिखा था कि आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जबकि यह पूरी तरह से झूठ है। आरोपी ने समन पर ठीक से सहयोग नहीं किया और न ही अपना बयान दर्ज कराया।"
इन्हीं कारणों से महिला ने हाईकोर्ट में मांग की है कि इस केस को क्राइम ब्रांच की वुमेन सेल को ट्रांसफर किया जाए। याचिका में कहा गया है कि खार पुलिस ने गलत चार्जशीट दाखिल की है, जिससे पूरे मामले की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं।
महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि उसकी और शरद कपूर की पहचान सोशल मीडिया पर हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद अभिनेता ने उसे काम दिलाने का वादा किया और शूटिंग पर चर्चा के बहाने खार स्थित अपने घर बुलाया। वहां पहुंचने पर उसे पता चला कि यह कोई ऑफिस नहीं, बल्कि शरद कपूर का घर है, जहां उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की गई।
शरद कपूर लंबे समय से फिल्म उद्योग में सक्रिय रहे हैं और १९९० के दशक तथा २००० के शुरुआती वर्षों में कई फिल्मों में दिखाई दिए हैं। हालांकि, इस मामले पर अब तक शरद कपूर की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।