मोहम्मद तौसीफ रहमान: बशीरहाट उत्तर विधानसभा सीट पर हम आसानी से जीतेंगे
सारांश
मुख्य बातें
कोलकाता, 17 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में टीएमसी ने सभी सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। बशीरहाट उत्तर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी ने मोहम्मद तौसीफ रहमान को उम्मीदवार बनाया है। टिकट मिलने पर रहमान ने पार्टी के नेतृत्व का धन्यवाद किया और कहा कि हमारा मुकाबला किसी से नहीं है, हम इस सीट को आसानी से जीतेंगे।
राष्ट्र प्रेस से बातचीत में उन्होंने कहा कि हमारा मुकाबला किसी से नहीं है। अगर आप हमारे साथ हैं, दीदी आपके साथ हैं, और पार्टी आपके साथ है, तो हम जीतेंगे। इस चुनाव में सिर्फ एक चेहरा है, वह है ममता बनर्जी। मैं तो केवल एक प्रतिनिधि हूं।
उन्होंने कहा कि चाहे बशीरहाट हो या किसी अन्य तृणमूल निर्वाचन क्षेत्र, हमारे सामने कोई चुनौती नहीं है। अगर कोई चुनौती होती, तो हम भाजपा की तरह 150-150 का ऐलान करते। हम परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्र हैं, जो साल भर मेहनत करते हैं। जो व्यक्ति काम करेगा उसे डरने की ज़रूरत नहीं है।
मोहम्मद तौसीफ रहमान ने बताया कि इस चुनाव में नई पीढ़ी एक महत्वपूर्ण फैक्टर है। यदि कोई व्यक्ति 50 साल का है लेकिन काम करने के लिए सक्षम है, तो उम्र कोई मायने नहीं रखती।
उन्होंने कहा कि हमें बस इतना पता था कि तृणमूल कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों का साल भर काम करना है। मैं ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी और पूरी टीम का आभारी हूं, जिन्होंने मुझ पर विश्वास किया और मुझे चुनाव लड़ने का मौका दिया।