मुंबई के होटल में अवैध तरीके से घरेलू LPG सिलेंडर का उपयोग, मालिक और प्रबंधक गिरफ्तार
सारांश
Key Takeaways
- होटल में अवैध LPG सिलेंडर का उपयोग
- पुलिस ने की गिरफ्तारी
- कानूनी कार्रवाई जारी
- स्थानिक दुकानदारों से पूछताछ
- एलपीजी की कालाबाजारी का बढ़ता मुद्दा
मुंबई, 30 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। मुंबई के कालबादेवी क्षेत्र में एक होटल में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का अवैध संग्रह और व्यावसायिक उपयोग के लिए इस्तेमाल करने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। एलटी मार्ग पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज करते हुए होटल के मालिक और प्रबंधक को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, रेशनिंग अधिकारी ने कालबादेवी में स्थित लक्ष्मीविलास हिंदू होटल पर छापेमारी की। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि होटल की रसोई में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों को बिना किसी वैध लाइसेंस या अनुमति के वाणिज्यिक उपयोग के लिए रखा गया था। मौके से एक खाली सिलेंडर बरामद किया गया, जबकि एक भरा हुआ सिलेंडर पहले ही पुलिस के काबू में था और थाने में जमा कराया गया था।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि होटल के प्रबंधक प्रकाश हंसाराम पुरोहित (28) सिलेंडरों के लिए कोई भी वैध दस्तावेज या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सके। वहीं, होटल के मालिक हरीश मेहता को भी इस मामले में आरोपी बनाया गया है। दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण और आवश्यक वस्तु अधिनियम की संबंधित धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने होटल मालिक हरीश मेहता और होटल प्रबंधक प्रकाश पुरोहित को गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले की गहन जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि सिलेंडरों का अवैध उपयोग कब से हो रहा था और इसके पीछे कौन लोग शामिल थे। पुलिस ने स्थानीय दुकानदारों और होटल के कर्मचारियों से भी पूछताछ शुरू कर दी है।
महत्वपूर्ण है कि मिडिल ईस्ट देशों में तनाव की स्थिति के कारण भारत में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी बढ़ रही है। कई लोग इन सिलेंडरों को ऊंची कीमतों पर बेच रहे हैं। वहीं, कॉमर्शियल सिलेंडरों की कीमतों में भी काफी वृद्धि देखी गई है, जिसके कारण कुछ होटलों में लोग घरेलू सिलेंडर का उपयोग कर रहे हैं, जो नियमों के खिलाफ है। इसीलिए मुंबई में एलपीजी की सुरक्षा और नियमन पर कड़ी नजर रखी जा रही है।