मुंबई में एलपीजी गैस सिलेंडरों की अवैध कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई, 451 सिलेंडर बरामद
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 11 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। मुंबई में अवैध गतिविधियों और कालाबाजारी के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कार्रवाई हुई है। यह मामला एलपीजी गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण और परिवहन से संबंधित है, जिसे राशनिंग विभाग ने समय पर पकड़ा। डोंगरी के वाड़ी बंदर क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई ने पूरे इलाके में हलचल मचा दी है।
राशनिंग विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग बिना किसी वैध अनुमति के बड़ी मात्रा में एलपीजी सिलेंडरों का भंडारण और परिवहन कर रहे हैं। जैसे ही यह सूचना अधिकारियों तक पहुंची, राशनिंग नियंत्रक और नागरिक आपूर्ति निदेशक ने तुरंत सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद विभाग की फ्लाइंग स्क्वॉड टीम ने एक सुनियोजित अभियान चलाया।
टीम ने डोंगरी के वाड़ी बंदर पुल के पास निगरानी बढ़ाई और वहां से गुजर रहे संदिग्ध वाहनों को रोकना शुरू किया। जांच के दौरान 8 वाहनों को पकड़ा गया, जो एलपीजी सिलेंडरों से भरे हुए थे। जब इन वाहनों की तलाशी ली गई तो कुल 451 गैस सिलेंडर बरामद हुए। इन सिलेंडरों के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं थे, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि यह पूरा कारोबार अवैध ढंग से चल रहा था। जब्त किए गए सभी सिलेंडरों और वाहनों की कुल कीमत लगभग 40.61 लाख रुपए आंकी गई है।
अधिकारियों के अनुसार, ये सिलेंडर बाजार में ऊंचे दामों पर बेचने या फिर अवैध सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा था। इस प्रकार की कालाबाजारी कानून का उल्लंघन है। गैस सिलेंडर जैसे ज्वलनशील पदार्थों का गलत तरीके से भंडारण और परिवहन गंभीर हादसों का कारण बन सकता है।
इस पूरे मामले के बाद मुंबई पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर लिया है और अब आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस अवैध कारोबार के पीछे कौन लोग शामिल हैं।