क्या राहुल गांधी ने अपनी नाकामियों को खुद उजागर किया?
सारांश
मुख्य बातें
लखनऊ, 1 जनवरी (राष्ट्र प्रेस)। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर (ओपी राजभर) ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पिछड़ों, दलितों और मुसलमानों को धोखे में रखा है। राहुल गांधी को चाहिए कि वे इस मुद्दे पर अपना पुराना इतिहास पढ़ें।
समाचार एजेंसी राष्ट्र प्रेस से बातचीत में ओपी राजभर ने कहा, "कांग्रेस ने लंबे समय तक देश और राज्य में शासन किया। आज वे अपनी ही नाकामियों को उजागर कर रहे हैं। राहुल गांधी दावा करते हैं कि पिछड़े समुदायों, दलितों और मुसलमानों के साथ धोखा हुआ। लेकिन असल में उन्हें धोखा किसने दिया? 60 साल तक तो कांग्रेस ही सत्ता में थी।"
उन्होंने आगे कहा, "भाजपा की सरकार में बिचौलिए गायब हैं। योजनाएं सीधे लाभार्थियों के खातों में जा रही हैं। कभी राजीव गांधी ने कहा था कि 'हम 100 रुपए दिल्ली से भेजते हैं, तो 10 रुपए धरातल तक पहुंचते हैं।' इसलिए राहुल गांधी को अपने पूरे इतिहास को पढ़ना आवश्यक है।"
कांग्रेस पर टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी की टिप्पणी के संदर्भ में ओपी राजभर ने कहा, "जिस प्रकार कांग्रेस अपने ऑफिस में बैठकर और सोशल मीडिया के जरिए राजनीति करने की कोशिश करती है, वह अब सफल नहीं हो रही। उन्हें भाजपा, आरएसएस और बजरंग दल से सीखना चाहिए। चुनाव खत्म होते ही ये दूसरी चुनाव की तैयारियों में जुट जाते हैं, जबकि राहुल गांधी चुनाव छोड़कर विदेश घूमने चले जाते हैं।"
नववर्ष के इस अवसर पर ओपी राजभर ने सभी नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपील की कि लोग अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दें, उन्हें अच्छे संस्कार दें और भाईचारे तथा सद्भाव से रहें। किसी भी काम को लगन और ईमानदारी से करें, चाहे वह शिक्षा का क्षेत्र हो या कोई अन्य।
इसी बीच, इंदौर में कथित तौर पर दूषित पानी के कारण बच्चों की मौत की घटना पर ओपी राजभर ने कहा, "यह एक दुखद घटना है और ऐसा नहीं होना चाहिए था। पानी कैसे जहरीला हुआ, यह जांच का विषय है। यह सच में एक बहुत ही दुखद घटना है।"