क्या पिता से पैसे ऐंठने के लिए बेटे ने फर्जी किडनैपिंग की साजिश रची?
सारांश
मुख्य बातें
अलीगढ़, 9 दिसंबर (राष्ट्र प्रेस)। अलीगढ़ से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। एक छात्र ने अपने ही अपहरण की झूठी कहानी बनाई। परिवार को फिरौती के लिए फोन आया और मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने जब जांच शुरू की, तो सच्चाई सुनकर हर कोई दंग रह गया।
यह मामला अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से जुड़े एक छात्र का है। बी.कॉम सेकंड ईयर के छात्र कृष्ण कुमार ने अपने दोस्त नवीन के साथ मिलकर अपने अपहरण की झूठी कहानी रची। कृष्ण कुमार के परिजनों को फिरौती के लिए फोन आया, जिसमें आठ लाख रुपए की मांग की गई थी।
परिवार ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और कृष्ण कुमार को उसके दोस्त नवीन के साथ अलीगढ़ से ही खोज निकाला। जब दोनों से पूछताछ की गई, तो यह पता चला कि दोनों ने ऑनलाइन गेमिंग में बड़ी रकम हारने के बाद पैसे जुटाने की योजना बनाई थी।
पुलिस ने महज आधे घंटे में ही दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि ऑनलाइन गेमिंग में 8 लाख रुपए की बड़ी रकम हारने के बाद कृष्ण कुमार ने अपने दोस्त के साथ मिलकर खुद की किडनैपिंग की झूठी कहानी बनाई थी। इसके बाद अपने ही पिता से 8 लाख रुपए की फिरौती भी मांग ली थी।
कृष्ण कुमार को अपने रिटायर्ड पिता के पास मौजूद पैसे की जानकारी थी। अपने पिता से पैसे हासिल करने के लिए उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर यह फर्जी किडनैपिंग की योजना बनाई थी। हालांकि, पुलिस को किडनैपिंग की सूचना मिलने के महज आधे घंटे में ही दोनों दोस्तों को पकड़ लिया गया और पूरा घटनाक्रम सामने आ गया।
पुलिस ने कृष्ण कुमार और उसके दोस्त को चेतावनी देकर छोड़ दिया है और उसके पिता उसे अपने साथ ले गए हैं।