पीएम मोदी का दावा: टीएमसी का भय-काल समाप्त, भाजपा का सेवा काल शुरू होने वाला है
सारांश
मुख्य बातें
विष्णुपुर, 19 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की प्रचार गतिविधियों के लिए रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिष्णुपुर आए। पीएम मोदी ने विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल कला और कलाकारों का गढ़ है। उन्होंने कहा कि यहां कई कलाकार अपने अद्भुत चित्र लेकर आए हैं। यदि आपका नाम पीछे होगा तो मैं आपको धन्यवाद पत्र भेजूंगा। उन्होंने एसपीजी के सदस्यों से सभी चीजों को इकट्ठा करने के लिए कहा और कहा कि मैं आपके प्यार के लिए आभारी हूं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बांग्ला नव वर्ष के आरंभ के बाद यह उनकी पहली सभा है और आज अक्षय तृतीया का शुभ अवसर भी है। मेरी कामना है कि मां लक्ष्मी सभी देशवासियों पर कृपा बरसाएं। इस पावन अवसर पर मंदिरों के इस शहर में सभा होना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि बंगाल में जहां भी मैं जाता हूं, सभा का आकार पहले से बड़ा होता जा रहा है। ये सभी पुराने रिकॉर्ड टूट रहे हैं। यह माहौल, प्यार और उत्साह निर्मम प्रदेश सरकार के प्रति रोष का प्रतीक है।
पीएम ने कहा कि बंगाल ने अब मान लिया है और ठान लिया है। यह मां शारदा की पवित्र धरती है। इतनी बड़ी संख्या में माताएं, बहनें और बेटियां आई हैं। भाजपा का पहचान ही महिला सशक्तीकरण और महिला सुरक्षा से है। इसलिए देश के हर कोने में बहनें और बेटियां भाजपा को आशीर्वाद देती हैं। हम चाहते हैं कि विकसित भारत में बेटियों की भूमिका बढ़े। लेकिन आपने देखा होगा कि संसद में क्या हुआ? टीएमसी ने बंगाल की बहनों के साथ एक और धोखा किया है।
पीएम ने टीएमसी पर निशाना साधते हुए कहा कि आज पूरी दुनिया, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का सम्मान करती है, लेकिन आदिवासी विरोधी टीएमसी उनका अपमान करती है। जब राष्ट्रपति जी बंगाल आईं, तब टीएमसी ने उनका अपमान कैसे किया, यह पूरे देश ने देखा है। बंगाल की बहनें राष्ट्रपति के अपमान को कभी नहीं भूलेंगी। उन्होंने कहा कि यह वही टीएमसी है जो घुसपैठियों को लाभ देने के लिए हर नियम का उल्लंघन करती है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी, तो गरीबों को मुफ्त राशन मिलेगा। कोई आपका राशन नहीं छीन पाएगा। बंगाल की भाजपा सरकार महिलाओं के लिए पीएम आवास योजना के तहत 1.5 लाख रुपये तक की सहायता प्रदान करेगी। निर्मम राज्य सरकार ने आयुष्मान योजना को रोक रखा है। भाजपा सरकार बनते ही महिलाओं को पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा।
उन्होंने कहा कि 'मातृ शक्ति भरोसा कार्ड' को लेकर चर्चा है। इससे हर बहन को हर साल 36,000 रुपये मिलेंगे। यहां भाजपा सरकार बनने पर गर्भवती महिलाओं को 21,000 रुपये की मदद दी जाएगी। संतान होने पर 5,000 रुपये की सहायता केंद्र सरकार की ओर से दी जाएगी। बेटियों को शिक्षा के लिए 50,000 रुपये की मदद मिलेगी।
पीएम ने कहा कि टीएमसी का भय-काल समाप्त होने वाला है, भाजपा के भरोसे का सेवा काल आने वाला है। चार मई को आने वाले नतीजों की झलक टीएमसी के बड़े नेताओं की भाषा में दिखाई दे रही है। कोलकाता में टीएमसी के बड़े नेता की धमकियां और गुंडागर्दी की भाषा, यह चार मई से पहले का एग्जिट पोल है।
उन्होंने कहा कि जो अब तक बंगाल के लोगों को डराते थे, वे अब बंगाल के टाइगर की दहाड़ से खुद डर गए हैं। यह बंगाल टाइगर बंगाल की जनता है। अब बंगाल की जनता कह रही है कि अब और नहीं सहेंगे, निर्मम सरकार को हटाकर रहेंगे! पीएम मोदी ने कहा कि मैं टीएमसी के सभी गुंडों, सिंडिकेट और भ्रष्टाचारियों को एक आखिरी मौका देता हूं। 29 अप्रैल से पहले आत्मसमर्पण कर लें, क्योंकि चार मई के बाद कोई भी नहीं बचेगा।