क्या शिरपुर के निमझरी नाका परिसर में लगी आग से करोड़ों का नुकसान हुआ?
सारांश
मुख्य बातें
शिरपुर, 19 नवंबर (राष्ट्र प्रेस)। महाराष्ट्र के धुले जिले के शिरपुर तहसील में स्थित निमझरी नाका परिसर में एक भीषण आग ने लोगों के बीच हड़कंप मचा दिया। इस आग की चपेट में आने से एसबीआई एटीएम सहित तीन दुकानें पूरी तरह से जलकर खाक हो गईं।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, आग ने तेजी से एक कॉम्प्लेक्स के कई हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में एक क्लीनिक (दवाखाना), एक मेडिकल स्टोर, नमकीन की दुकान और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) का एटीएम पूरी तरह से जल गए।
आग की लपटें इतनी भयंकर थीं कि इसके पीछे स्थित रिहायशी मकानों को भी नुकसान पहुंचा। इससे इलाके में अफरातफरी का माहौल बना और स्थानीय लोग भयभीत हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। दमकलकर्मियों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों ने भी मदद की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि इसे काबू करने में करीब एक घंटे का समय लगा।
आग पूरी तरह बुझने के बाद प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना में करोड़ों रुपए का नुकसान होने का अनुमान है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि आग कैसे लगी, इसकी जानकारी किसी को नहीं है, जिससे उन्हें भारी नुकसान हुआ है। वे प्रशासन से मुआवजे की मांग कर रहे हैं ताकि वे पुनः अपने व्यवसाय की शुरुआत कर सकें।
शिरपुर पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज से भी सबूत जुटाने का कार्य जारी है, ताकि आग लगने का सही कारण पता चल सके। प्रशासन ने घटनास्थल का दौरा किया और पीड़ितों को उचित सहायता देने का आश्वासन दिया है।