क्या सिडनी वनडे में विराट कोहली सचिन और सूर्यकुमार यादव के रिकॉर्ड की बराबरी नहीं करना चाहेंगे?
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, २४ अक्टूबर (राष्ट्र प्रेस)। भारतीय क्रिकेट टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जारी वनडे श्रृंखला में हार का सामना करना पड़ा है। पर्थ और एडिलेड में खेले गए सीरीज के दो शुरुआती मुकाबलों में टीम इंडिया को निराशाजनक हार का सामना करना पड़ा। तीसरा और अंतिम मैच शनिवार को सिडनी में खेला जाएगा। सिडनी वनडे में विराट कोहली, सचिन तेंदुलकर और सूर्यकुमार यादव के अनचाहे रिकॉर्ड से बचने की कोशिश करेंगे।
टेस्ट और टी20 से संन्यास ले चुके विराट कोहली से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में दमदार प्रदर्शन की उम्मीद थी। लेकिन विराट कोहली का बल्ला श्रृंखला के पहले दोनों ही मैचों में नहीं चला। पर्थ और एडिलेड वनडे में वह अपना खाता नहीं खोल सके। अगर सिडनी में भी विराट कोहली शून्य पर आउट हुए तो सचिन तेंदुलकर और सूर्यकुमार यादव के लगातार तीन वनडे में शून्य पर आउट होने के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे। विराट निश्चित रूप से सचिन और सूर्यकुमार यादव के इस रिकॉर्ड की बराबरी नहीं करना चाहेंगे।
सचिन तेंदुलकर १९९४ में श्रीलंका और वेस्टइंडीज के खिलाफ लगातार ३ मैचों में शून्य पर आउट हुए थे। वहीं सूर्यकुमार यादव २०२३ में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार ३ मैचों में शून्य पर आउट हुए थे। सचिन लगातार तीन वनडे में आउट होने वाले भारत के पहले बल्लेबाज थे। इसके बाद बतौर बल्लेबाज ये अनचाहा रिकॉर्ड सूर्या के नाम जुड़ा। अनिल कुंबले, जहीर खान, ईशांत शर्मा और जसप्रीत बुमराह ऐसे गेंदबाज हैं जो लगातार तीन मैचों में शून्य पर आउट हुए हैं।
विराट कोहली ने सिडनी में अब तक ७ वनडे खेले हैं। कोहली की प्रतिष्ठा के अनुरूप इस मैदान पर उनका प्रदर्शन नहीं रहा है। २४.३ की औसत और ८३.० की स्ट्राइक रेट से १ अर्धशतक की मदद से उन्होंने १४६ रन बनाए हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर ८९ है।
कोहली टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास ले चुके हैं। विश्व कप २०२७ में खेलने की उम्मीद की वजह से वे वनडे फॉर्मेट में सक्रिय हैं। चैंपियंस ट्रॉफी २०२५ फाइनल के बाद कोहली सीधे ऑस्ट्रेलिया श्रृंखला में ही खेलने उतरे हैं। पहले दो वनडे में फ्लॉप रहने के बाद उनकी कोशिश सिडनी में खेले जाने वाले तीसरे वनडे में बड़ी पारी खेल दौरे का यादगार समापन करने की होगी। विराट और रोहित शर्मा का संभवतः ये आखिरी ऑस्ट्रेलिया दौरा है।