क्या अंडर-19 विश्व कप 15 जनवरी से शुरू हो रहा है? जानें भारतीय टीम का शेड्यूल
सारांश
Key Takeaways
- अंडर-19 विश्व कप 15 जनवरी से शुरू होगा।
- भारतीय टीम ग्रुप ए में है।
- पहला मैच यूएसए के खिलाफ होगा।
- भारतीय टीम ने पिछले 15 संस्करणों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है।
- वैभव सूर्यवंशी पर सभी की नजरें रहेंगी।
नई दिल्ली, 13 जनवरी (राष्ट्र प्रेस)। अंडर-19 विश्व कप की शुरुआत 15 जनवरी से होने जा रही है। यह विश्व कप 15 जनवरी से 6 फरवरी तक संयुक्त रूप से जिम्बाब्वे और नामीबिया में आयोजित किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में 16 टीमें भाग ले रही हैं, जिन्हें 4-4 के ग्रुप में विभाजित किया गया है। भारतीय टीम यूएसए, बांग्लादेश, और न्यूजीलैंड के साथ ग्रुप ए में शामिल है। आइए जानते हैं कि भारतीय टीम के मैच कब और कहां खेले जाएंगे।
अंडर-19 विश्व कप के पहले दिन (15 जनवरी) को भारत का मुकाबला यूएसए के साथ होगा। यह मैच क्वींस स्पोर्ट्स क्लब, बुलावायो, जिम्बाब्वे में भारतीय समयानुसार 1 बजे शुरू होगा।
भारतीय टीम का दूसरा मुकाबला 17 जनवरी को बांग्लादेश के खिलाफ होगा। यह मैच भी क्वींस स्पोर्ट्स क्लब, बुलावायो में भारतीय समयानुसार 1 बजे खेला जाएगा। भारत और बांग्लादेश के बीच मौजूदा हालात को देखते हुए इस मैच के रोमांचक होने की संभावना है।
भारतीय टीम का लीग स्टेज का तीसरा मुकाबला 24 जनवरी को बुलावायो में ही होगा। यह मैच भी भारतीय समयानुसार 1 बजे शुरू होगा।
ग्रुप की शीर्ष दो टीमें अगले चरण के लिए क्वालिफाई करेंगी।
अन्य ग्रुप की बात करें तो ग्रुप बी में पाकिस्तान, स्कॉटलैंड, जिम्बाब्वे और इंग्लैंड हैं। ग्रुप सी में ऑस्ट्रेलिया, जापान, आयरलैंड और श्रीलंका हैं। ग्रुप डी में दक्षिण अफ्रीका, तंजानिया, अफगानिस्तान और वेस्टइंडीज हैं।
अंडर-19 विश्व कप 2026, विश्व कप का 16वां संस्करण है। पिछले 15 संस्करणों में भारतीय टीम सबसे सफल टीम बनकर उभरी है। भारतीय टीम 5 बार चैंपियन रह चुकी है। ऑस्ट्रेलिया ने 4 बार यह खिताब जीता है। पाकिस्तान 2 बार चैंपियन रह चुकी है। इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज और बांग्लादेश भी एक-एक बार चैंपियन रह चुके हैं।
ऑस्ट्रेलिया मौजूदा विजेता है। 2024 में हुए फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 79 रन से हराकर खिताब जीता था।
इस विश्व कप में भारतीय टीम के जिस बल्लेबाज पर दुनियाभर के क्रिकेट प्रेमियों की नजर रहने वाली है, वह बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी हैं। उन्होंने साल 2025 में आईपीएल और अपनी घरेलू टीम बिहार के लिए खेलते हुए रनों का अंबार लगाया है। देखना होगा विश्व कप जैसे मेगा इवेंट में उनका प्रदर्शन कैसा रहता है।
अंडर-19 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम:
आयुष म्हात्रे (कप्तान), आर.एस. अंबरीश, कनिष्क चौहान, डी. दीपेश, मोहम्मद एनान, एरन जॉर्ज, अभिज्ञान कुंडू, किशन कुमार सिंह, विहान मल्होत्रा, उद्धव मोहन, हेनिल पटेल, खिलन ए. पटेल, हरवंश सिंह, वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी.