उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने श्रीलंका में सीता अम्मन मंदिर में किया पूजा-अर्चना
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 20 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने श्रीलंका के सीता एलिया में स्थित सीता अम्मन मंदिर में दर्शन-पूजन किया। उपराष्ट्रपति ने इस संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट साझा की।
उन्होंने अपने 'एक्स' पोस्ट में उल्लेख किया कि रामायण से जुड़ा यह मंदिर भारत और श्रीलंका के बीच गहरे सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंधों का प्रतीक है। इसके अतिरिक्त, उपराष्ट्रपति ने हनुमान कोविल में भी अपनी श्रद्धा अर्पित की, जो अशोक वाटिका में देवी सीता और हनुमान जी के मिलन के दौरान पड़े पवित्र पदचिह्नों को समर्पित है।
उपराष्ट्रपति ने पिछले वर्ष की श्रीलंका यात्रा का स्मरण करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई घोषणा के अनुसार, भारत सरकार के सहयोग से सीता अम्मन मंदिर का जीर्णोद्धार किया जाएगा। यह पहल दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक संबंधों को और मजबूत बनाएगी।
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन 19 अप्रैल को दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर श्रीलंका पहुंचे। यात्रा के पहले दिन उन्होंने श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके से मुलाकात की।
उपराष्ट्रपति ने 19 अप्रैल को कोलंबो में प्रसिद्ध काथिरेसन मंदिर और गंगारामय मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर पारंपरिक तमिल संगीत और नृत्य के साथ उनका भव्य स्वागत हुआ।
उपराष्ट्रपति की इस यात्रा के दौरान कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। इनमें मुल्लैतिवु के जिला सामान्य अस्पताल में चार-मंजिला मेडिकल वार्ड कॉम्प्लेक्स के निर्माण के लिए एक एमओयू शामिल है। इसके अलावा, पूर्वी प्रांत के लिए बहुक्षेत्रीय अनुदान सहायता के अंतर्गत छह अलग-अलग एमओयू किए गए।
इस यात्रा के दौरान महत्वपूर्ण घोषणाएँ भी की गईं, जिसमें भारतीय प्रवासियों की छठी पीढ़ी के लिए ओसीआई पात्रता का विस्तार और भारतीय मूल के तमिल समुदाय के लिए ओसीआई प्रक्रिया को सरल बनाने का निर्णय शामिल है। साथ ही, भारतीय आवास परियोजना के तीसरे चरण के पूर्ण होने की जानकारी भी दी गई, जिसके तहत बागान समुदाय के 4000 परिवारों के लिए घरों का निर्माण किया गया है।