क्या उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने भागलपुर में भूमि सुधार जनकल्याण संवाद में अधिकारियों की क्लास लगाई?
सारांश
मुख्य बातें
भागलपुर, 5 जनवरी (राष्ट्र प्रेस)। बिहार के उपमुख्यमंत्री और राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा का भूमि सुधार जनकल्याण संवाद कार्यक्रम जारी है। सोमवार को वे भागलपुर के टाउन हॉल में उपस्थित होकर 'ऑनस्पॉट' लोगों की समस्याओं का समाधान किया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने लापरवाह अधिकारियों को भी जमकर लताड़ लगाई। उन्होंने एक अधिकारी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इस प्रकार का रवैया सहन नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को अपने कर्तव्यों का पालन समय पर करना होगा और जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देनी होगी। पुराने मामलों का निपटारा भी उनकी जिम्मेदारी है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब जनता अपनी समस्या लेकर आती है, तो हमें उसे प्राथमिकता देनी चाहिए। अधिकारियों का कार्य केवल रिपोर्ट बनाना या फाइलें चलाना नहीं है, बल्कि जनता की समस्याओं का समाधान भी करना है। अगर पुराने मामलों को लम्बे समय तक अनदेखा किया गया, तो यह सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा, "भूमि जनसंवाद का उद्देश्य गरीब, वंचित और पीड़ित लोगों को त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है। यदि अधिकारी केवल फाइलें घुमाते रहेंगे और अदालत का बहाना बनाकर अपनी जिम्मेदारी से बचेंगे, तो यह बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।"
यह उल्लेखनीय है कि विजय सिन्हा जहां प्रमंडलवार भूमि सुधार जनकल्याण संवाद कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं, वहीं बिहार राजस्व सेवा संघ उनके विरोध में मुख्यमंत्री को पत्र लिख चुका है। इसके अलावा, उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने इस संवाद कार्यक्रम से पहले बाबा बूढ़ानाथ मंदिर जाकर पूजा-अर्चना की।
उन्होंने अपने सोशल नेटवर्किंग साइट एक्स पर लिखा, "आज भागलपुर की पावन भूमि पर स्थित बाबा बूढ़ानाथ मंदिर में भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। देवाधिदेव महादेव की कृपा से समस्त बिहारवासियों एवं भागलपुरवासियों के जीवन में उत्तम स्वास्थ्य, सुख, शांति, सद्भाव और समृद्धि बनी रहे, यही मेरी हार्दिक कामना है।"