अभिषेक पाठक और शिवालिका ओबेरॉय बने माता-पिता, घर आई नन्ही लक्ष्मी
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 19 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। बॉलीवुड के प्रसिद्ध निर्देशक अभिषेक पाठक और अभिनेत्री शिवालिका ओबेरॉय ने अपने जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत की है। इस जोड़े ने अपने घर में एक नन्ही बेटी का स्वागत किया है। पहली बार माता-पिता बनने की इस खुशी को उन्होंने अपने फैंस के साथ साझा किया, जिसके बाद उन्हें ढेर सारी बधाइयां मिलीं।
बेटी के जन्म की खुशी को अभिषेक और शिवालिका ने एक साथ सोशल मीडिया पर पोस्ट के माध्यम से व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, 'एक ही पल में हमारी जिंदगी का मतलब बदल गया है और अब हमारा दिल एक नए प्यार से भर गया है। ढेर सारा प्यार और आभार के साथ, हम अपनी प्यारी बच्ची का स्वागत करते हैं।'
पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा, '19 अप्रैल 2026... हमारी छोटी देवी 'लक्ष्मी' एक शुभ दिन पर आई है। यह हमारे जीवन का सबसे खूबसूरत आशीर्वाद है।'
इस खास मौके पर कई सेलिब्रिटीज ने भी कपल को शुभकामनाएं दीं। अभिनेत्री इशिता दत्ता ने कमेंट करते हुए बधाई दी और प्यार भरे इमोजी साझा किए। वहीं आहना कुमरा ने भी अपनी खुशी जाहिर करते हुए कपल को इस नए सफर के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके अलावा, कई प्रशंसकों और फिल्मी सितारों ने कमेंट सेक्शन में बधाइयां भेजीं।
गौरतलब है कि इस कपल ने दिसंबर 2025 में अपनी प्रेग्नेंसी की घोषणा की थी। प्रेग्नेंसी की घोषणा करते हुए उन्होंने कई तस्वीरें साझा की थीं, जिनमें एक तस्वीर में दोनों एक-दूसरे को गले लगाते हुए नजर आए थे और शिवालिका ने छोटे-छोटे बेबी सॉक्स हाथ में पकड़े हुए थे।
दूसरी तस्वीर में दोनों क्रिसमस ट्री के सामने खड़े थे और एक ऑर्नामेंट पकड़े हुए थे, जिस पर लिखा था कि उनका बच्चा 2026 में आने वाला है।
अभिषेक और शिवालिका की लव स्टोरी की बात करें तो, दोनों की मुलाकात फिल्म 'खुदा हाफिज' के सेट पर हुई थी, जिसमें विद्युत जामवाल मुख्य भूमिका में थे। काम के दौरान दोनों करीब आए और धीरे-धीरे उनका रिश्ता प्यार में बदल गया।
इसके बाद दोनों ने जुलाई 2022 में सगाई की और फरवरी 2023 में विवाह के बंधन में बंध गए। उनकी शादी गोवा में हुई थी, जिसमें परिवार और करीबी दोस्त शामिल हुए थे। इस खास मौके पर बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता अजय देवगन भी मौजूद थे।