आकांक्षा रंजन कपूर ने महिला दिवस पर एग्स फ्रीज करने का साझा किया अनुभव
सारांश
Key Takeaways
मुंबई, ८ मार्च (राष्ट्र प्रेस)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर, अभिनेत्री आकांक्षा रंजन कपूर ने एक महत्वपूर्ण अनुभव साझा किया, जिसने सोशल मीडिया पर नई चर्चा को जन्म दिया। आकांक्षा ने खुलासा किया कि उन्होंने अपने एग्स फ्रीज करवा लिए हैं। उन्होंने बताया कि इस निर्णय को लेना और इस प्रक्रिया का सामना करना उनके लिए कितना भावनात्मक और शारीरिक रूप से चुनौतीपूर्ण रहा।
आकांक्षा ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में पिछले दो हफ्तों के अनुभव के बारे में विस्तार से बताया। अभिनेत्री ने लिखा, "मैंने एक दिन पहले अपने एग्स फ्रीज करवा लिए हैं। शुरुआती दौर में मैं इस विषय को साझा नहीं करना चाहती थी, लेकिन महिला दिवस के अवसर पर मुझे लगा कि यह अनुभव साझा करना आवश्यक है, क्योंकि इससे महिलाओं के शरीर की ताकत और अद्भुत क्षमता का बोध होता है।"
आकांक्षा ने कहा, "पिछले दो हफ्ते मेरे लिए बेहद कठिन और थकाने वाले रहे। इस दौरान मुझे हर दिन इंजेक्शन लगवाने पड़े। हार्मोन में लगातार बदलाव के कारण मुझे शरीर में सूजन और कई प्रकार की समस्याएं भी महसूस हुईं। इसके अलावा बार-बार जांच और कई दवाइयों का सेवन करना पड़ा, और अंत में एक छोटी सर्जरी भी करानी पड़ी।"
उन्होंने आगे कहा, "यह पूरा अनुभव आसान नहीं था, लेकिन इससे मुझे यह एहसास हुआ कि महिलाओं का शरीर कितना मजबूत होता है।"
आकांक्षा ने अपनी पोस्ट में एक और तस्वीर का उल्लेख किया, जिसमें वह अपने काम की तैयारी कर रही थीं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा, "मैं इस प्रक्रिया के बाद धीरे-धीरे अपनी सामान्य दिनचर्या में लौटने की कोशिश कर रही हूं, हालांकि मैं केवल अपने अपार्टमेंट के आसपास करीब बीस मिनट ही चल पाई हूं, लेकिन यह मेरे लिए काफी था। शरीर हाल ही में एक बड़ी प्रक्रिया से गुजरा है, इसलिए खुद को समय देना बहुत जरूरी है और यह छोटा कदम भी मेरे लिए एक बड़ी उपलब्धि की तरह लगा।"