क्या बीएमसी चुनाव में रजा मुराद से सुभाष घई तक हस्तियों ने मतदान किया?
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 15 जनवरी (राष्ट्र प्रेस)। महाराष्ट्र के बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव के प्रति लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला है। आम जन के साथ-साथ फिल्म उद्योग की प्रमुख हस्तियों ने भी मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की और सभी से वोट डालने की अपील की।
वरिष्ठ अभिनेता रजा मुराद ने बीएमसी चुनाव के संदर्भ में मतदान को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा, "जब भी वोट डालने का समय आता है, तो मैं हमेशा अपना वोट अवश्य डालता हूं। वोट देना केवल नागरिक का जन्मसिद्ध अधिकार नहीं, बल्कि उसका पवित्र कर्तव्य भी है। इसी वोट से सरकारें बनती हैं, और जो लोग वोट नहीं डालते, उन्हें बाद में शिकायत करने का कोई अधिकार नहीं होना चाहिए।"
उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया कि वोट को एक हथियार की तरह समझें, जिसे हम हर पांच साल में एक बार उपयोग करते हैं। इसलिए वोट जोश में नहीं, बल्कि समझदारी और विचार से डालें।
मशहूर फिल्म निर्देशक सुभाष घई ने भी मतदान के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा, "हमारा कर्तव्य है कि हम वोट उसी उम्मीदवार को दें जो वास्तव में महाराष्ट्र और मुंबई का विकास चाहता हो। मुंबई को दुनिया की एक मजबूत फाइनेंशियल कैपिटल बनाने के लिए सही सोच और दूरदृष्टि वाले नेतृत्व की आवश्यकता है। आर्थिक विकास के साथ-साथ मानसिक विकास और शिक्षा का विकास भी बेहद आवश्यक है। इसलिए बिना किसी पक्षपात के उसी उम्मीदवार को वोट देना चाहिए, जो शहर को आगे बढ़ाने की क्षमता रखता हो।"
अभिनेत्री ईशा कोप्पिकर ने मतदान के साथ-साथ शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं के मुद्दे पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा, "मेरे दिमाग में सबसे पहला मुद्दा शिक्षा का आता है, जो केवल चुनाव के समय में नहीं, बल्कि हमेशा महत्वपूर्ण होना चाहिए। शिक्षा प्रणाली को और मजबूत किया जाना चाहिए। स्कूलों में साफ-सफाई, बेहतर सड़कें और सालभर चलने वाले निर्माण जैसे मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए। ये सभी बातें शहर के विकास से सीधे जुड़ी हैं और वोट देते समय इन पर विचार होना चाहिए।"
अभिनेता करण टैकर ने अंधेरी-वर्सोवा स्थित ज्ञान केंद्र स्कूल में अपना वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने कहा, "चुनाव में हर नागरिक की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। मेरी सभी से अपील है कि वे घर से बाहर निकलें और मतदान प्रक्रिया में हिस्सा लें। लोकतंत्र तभी मजबूत होता है जब लोग सक्रिय रूप से इसमें भाग लेते हैं और वोट डालना उसी भागीदारी का सबसे बड़ा तरीका है।"