धुरंधर द रिवेंज: रिलीज से पहले सिख समुदाय ने उठाए गंभीर सवाल
सारांश
Key Takeaways
- फिल्म 'धुरंधर द रिवेंज' सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत कर रही है।
- रणवीर सिंह के किरदार पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं।
- सिख समुदाय ने लीगल नोटिस भेजा है।
- फिल्म का पेड-प्रीव्यू 18 मार्च को है।
- फिल्म 19 मार्च को रिलीज होगी।
मुंबई, 14 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह, आर माधवन और संजय दत्त की फिल्म 'धुरंधर द रिवेंज' 19 मार्च को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने वाली है। फिल्म का पेड-प्रीव्यू 18 मार्च को आयोजित किया जाएगा, लेकिन इसके रिलीज होने से पहले ही विवादों में घिर गई है। सिख समुदाय ने फिल्म में रणवीर के चरित्र पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि फिल्म में सिख समुदाय की छवि को नकारात्मक रूप से प्रस्तुत करने की कोशिश की जा रही है।
महाराष्ट्र के सामाजिक कार्यकर्ता विक्की थॉमस सिंह ने फिल्म के निर्माता-निर्देशक और सिख का किरदार निभाने वाले रणवीर सिंह के खिलाफ सीबीएफसी और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को लीगल नोटिस भेजा है।
नोटिस में उल्लेख किया गया है कि सिख समुदाय तंबाकू का सेवन नहीं करता है और सिख धर्म में तंबाकू तथा धूम्रपान का कड़ा निषेध है। ऐसे में फिल्म में इस प्रकार का दृश्य दिखाना न केवल धार्मिक रूप से असंवेदनशील है, बल्कि यह पूरे सिख समुदाय की आस्था का अपमान भी है।
विक्की थॉमस सिंह का कहना है कि फिल्म से सिख पात्र को धूम्रपान करते हुए दिखाने वाले सभी दृश्य तुरंत हटाए जाने चाहिए। साथ ही, फिल्म से जुड़े सभी पोस्टर, ट्रेलर और अन्य प्रचार सामग्री से भी ऐसे दृश्य हटाए जाने की मांग की गई है।
नोटिस में फिल्म 'धुरंधर द रिवेंज' से ईशनिंदात्मक, आपत्तिजनक और धार्मिक रूप से असंवेदनशील सामग्री को तुरंत हटाने की मांग की गई है और साथ ही सिख समुदाय से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने का भी अनुरोध किया गया है, क्योंकि फिल्म में ऐसे दृश्य और प्रचार सामग्री शामिल हैं, जो सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं को गंभीर रूप से आहत करते हैं।
फिल्म में रणवीर सिंह ने जसकीरत सिंह रंगी नामक काल्पनिक जासूस का किरदार निभाया है, जो हमजा अली के रूप में पाकिस्तान में दुश्मनों के बीच रहकर उनकी जानकारी भारत को प्रदान करता है।
फिल्म के पहले भाग में दिखाया गया था कि जसकीरत सिंह रंगी एक कैदी है, जिसे प्रशिक्षण देने के बाद पाकिस्तान भेजा गया था। अब फिल्म के दूसरे भाग में जसकीरत सिंह रंगी की जिंदगी से जुड़े कई राज़ उजागर होने वाले हैं।