हेजल कीच: तीन नामों वाली अभिनेत्री का अनोखा सफर
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 27 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। ब्रिटिश मूल की अभिनेत्री और मॉडल हेजल कीच ने हिंदी सिनेमा में भले ही सीमित रूप से काम किया हो, लेकिन उनकी पहचान हमेशा से अद्वितीय रही है। उनकी जिंदगी में तीन अलग-अलग नाम जुड़े हुए हैं, जो उन्हें और भी रोचक बनाते हैं। एक साधारण लड़की से मॉडल, फिर अभिनेत्री और अंत में एक क्रिकेटर की पत्नी बनने तक का उनका सफर कई उतार-चढ़ाव से भरा रहा है।
हेजल कीच का जन्म 28 फरवरी 1987 को इंग्लैंड के एसेक्स में हुआ। उनके पिता ब्रिटिश हैं, जबकि मां भारतीय मूल की हैं। बचपन से ही उन्हें डांस और स्टेज परफॉर्मेंस का शौक था। स्कूल के दिनों में ही उन्होंने स्टेज शो में भाग लेना शुरू कर दिया था। उन्होंने भारतीय शास्त्रीय और पश्चिमी समकालीन नृत्य सीखा।
हेजल ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की। जब वह 18 साल की थीं, तब भारत यात्रा पर आईं और यहीं उन्हें काम के प्रस्ताव मिलने लगे, जिसके बाद उन्होंने भारत में रहने का निर्णय लिया।
जैसे ही उन्होंने मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा, एक एजेंसी ने उनका नाम बदलकर 'रोज डॉन' रख दिया, जो उनका प्रोफेशनल नाम बन गया। इस नाम से उन्होंने कई विज्ञापनों और म्यूजिक वीडियो में काम किया। लेकिन बाद में उन्होंने अपना असली नाम अपनाया और फिल्मों में हेजल कीच के नाम से जानी जाने लगीं।
भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह से शादी करने के बाद, हेजल ने सिख परंपरा के अनुसार 'गुरबसंत कौर' नाम भी अपनाया। इस तरह उनकी जिंदगी में तीसरा नाम जुड़ गया। यही कारण है कि उन्हें तीन नामों वाली अभिनेत्री भी कहा जाता है।
फिल्मों की बात करें तो उन्हें पहली बड़ी पहचान 2011 में आई फिल्म 'बॉडीगार्ड' से मिली, जिसमें उन्होंने सहायक भूमिका निभाई। इससे पहले उन्होंने तमिल फिल्म 'बिल्ला' में एक डांस नंबर किया था। उन्होंने कुछ अन्य फिल्मों में भी छोटे रोल किए, लेकिन वे बड़ी स्टार नहीं बन पाईं। इसके अलावा, वह रियलिटी शो 'बिग बॉस 7' में भी नजर आईं, हालांकि शो में उनका सफर ज्यादा लंबा नहीं चला।
मॉडलिंग और विज्ञापन की दुनिया में उन्होंने काफी सराहना प्राप्त की। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि भारत आने के शुरुआती दिनों में उन्होंने डिप्रेशन का सामना किया, लेकिन उन्होंने खुद को संभाला और आगे बढ़ी। आज वह सोशल मीडिया पर एक्टिव रहती हैं और अपने फैंस से जुड़ी रहती हैं।