जुनैद खान की 'एक दिन' का नया ट्रेलर, एकतरफा प्यार की गहराईयों में ले जाता है
सारांश
Key Takeaways
- जुनैद खान और साई पल्लवी की जोड़ी
- एकतरफा प्यार की कहानी
- याददाश्त खोने का अनुभव
- रोमांटिक-ड्रामा फिल्म
- 1 मई 2026 को रिलीज
मुंबई, 11 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। बॉलीवुड में रोमांटिक फिल्मों का एक अनोखा आकर्षण होता है, जो सीधे दिल को छूता है। ऐसी ही एक फिल्म 'एक दिन' चर्चा का केंद्र बनी हुई है, जो आमिर खान प्रोडक्शन्स के बैनर तले तैयार की गई है। दर्शकों में इस फिल्म को लेकर विशेष उत्साह है, क्योंकि इसमें जुनैद खान और साई पल्लवी की जोड़ी नजर आएगी। इस बीच, फिल्म के निर्माताओं ने गुरुवार को इसका दूसरा ट्रेलर रिलीज किया।
ट्रेलर की शुरुआत एक ऑफिस में होती है, जहाँ जुनैद खान का किरदार एक शर्मीले और शांत स्वभाव का युवक है। वह अपने ऑफिस की सहकर्मी मीरा, यानी साई पल्लवी को पसंद करता है, लेकिन अपनी भावनाओं को व्यक्त नहीं कर पाता। उसकी यह झिझक और एकतरफा प्यार कहानी को और भी दिलचस्प बनाती है।
ट्रेलर में आगे दिखाया गया है कि कैसे वह दूर से मीरा को देखता है और अपने मन में उसके साथ एक नई दुनिया की कल्पना करता है।
कहानी में मोड़ तब आता है, जब ऑफिस के काम के सिलसिले में पूरी टीम जापान जाती है। यहाँ पर ट्रेलर और भी रोचक हो जाता है। जापान में मीरा का एक्सीडेंट होता है और उसे ट्रांजिएंट ग्लोबल एमनेशिया हो जाता है, जिससे वह कुछ समय के लिए अपनी याददाश्त खो देती है। ट्रेलर में दिखाया गया है कि इस स्थिति में मीरा को सिर्फ जुनैद ही याद रहता है, क्योंकि उसने उसकी जान बचाई थी।
डॉक्टर जुनैद को बताती है कि एक दिन के लिए उसकी याददाश्त चली गई है, लेकिन जैसे ही मीरा की याददाश्त वापस आएगी, वह इस दिन को भूल जाएगी।
इसके बाद, ट्रेलर में दोनों के बीच का रिश्ता धीरे-धीरे गहराता हुआ दिखाया गया है। जुनैद को पता है कि यह रिश्ता लंबे समय तक नहीं चलेगा, क्योंकि मीरा अगले दिन सब कुछ भूल जाएगी। फिर भी, वह उस एक दिन को बेहद खास बनाने की पूरी कोशिश करता है। दोनों के बीच बिताए गए पल, छोटी-छोटी खुशियाँ और साथ का एहसास ट्रेलर को बेहद इमोशनल बना देता है।
ट्रेलर में प्यार के साथ-साथ दर्द का भी एहसास दिखाया गया है। जुनैद का किरदार हर पल को जीता है, जबकि उसे पता है कि यह सब अगले दिन समाप्त हो जाएगा। यही अधूरापन और दर्द इस कहानी को खास बनाता है। जुनैद खान और साई पल्लवी की केमिस्ट्री ट्रेलर में बहुत प्रभावशाली नजर आ रही है।
'एक दिन' एक रोमांटिक-ड्रामा है, जिसका निर्देशन सुनील पांडे ने किया है। इसके अलावा, आमिर खान और मंसूर खान ने इस फिल्म का उत्पादन किया है। यह फिल्म 1 मई 2026 को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने वाली है।