सीरीज 'मां का सम': मां-बेटे के रिश्ते में इमोशन और ह्यूमर का अद्भुत संगम

शेयर करें:
ऑडियो वॉइस लोड हो रही है…
सीरीज 'मां का सम': मां-बेटे के रिश्ते में इमोशन और ह्यूमर का अद्भुत संगम

सारांश

ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आने वाली नई सीरीज 'मां का सम' में मां और बेटे के रिश्ते को अनोखे अंदाज में पेश किया गया है। ट्रेलर में इमोशन और ह्यूमर का शानदार मिश्रण देखने को मिलता है।

मुख्य बातें

मां और बेटे के रिश्ते की गहराई व्यंग्य और ह्यूमर का अद्भुत संगम मोना सिंह का विशेष किरदार विनिता प्रोजेक्ट मॉम: एक अनोखा मिशन 3 अप्रैल से प्राइम वीडियो पर स्ट्रीमिंग

मुंबई, 27 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। इन दिनों ओटीटी प्लेटफॉर्म पर ऐसी कहानियों की बढ़ती लोकप्रियता देखी जा रही है, जो रिश्तों की गहराई, भावनाएं, और हल्का-फुल्का ह्यूमर को एक साथ पेश करती हैं। इसी क्रम में एक नई वेब सीरीज 'मां का सम' चर्चा का विषय बनी हुई है, जिसमें मां और बेटे के रिश्ते को एक अनोखे तरीके से दर्शाया गया है। इस सीरीज में मोना सिंह मुख्य भूमिका में दिखाई देंगी। इसका ट्रेलर भी जारी किया जा चुका है।

ट्रेलर की शुरुआत 19 साल के लड़के अगस्त्य से होती है, जिसका किरदार मिहिर आहूजा ने निभाया है। वह गणित का जीनियस है और हर चीज को फार्मूला और लॉजिक से समझता है। उसका कहना है- 'मैथ्स हो या प्यार, दोनों एक ही इक्वेशन हैं।' इसी सोच के साथ वह अपनी मां की जिंदगी को संवारने के लिए एक दिलचस्प मिशन 'प्रोजेक्ट मॉम' शुरू करता है। इस मिशन के तहत वह अपनी सिंगल मदर विनिता (मोना सिंह) के लिए एक आदर्श साथी तलाशता है।

ट्रेलर में दिखाया गया है कि अगस्त्य अपनी मां के लिए रिश्ते खोजने में पूरी योजना और लॉजिक के साथ जुटा है। वह गणित के सवालों की तरह विभिन्न व्यक्तियों का विश्लेषण करता है, उनके व्यवहार और स्वभाव को समझने की कोशिश करता है। लेकिन जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, यह स्पष्ट हो जाता है कि प्यार को किसी फार्मूले में नहीं बांधा जा सकता। इस दौरान कई मजेदार और भावनात्मक पल सामने आते हैं, जहां अगस्त्य की सारी योजनाएँ धीरे-धीरे उलझती जाती हैं और उसे जिंदगी से नया सबक मिलता है।

मोना सिंह ने अपने किरदार विनिता के बारे में कहा, ''यह रोल मेरे लिए बहुत खास है, क्योंकि मैंने पहले कभी ऐसा किरदार नहीं निभाया। विनिता एक ऐसी महिला है जो अपने बेटे के साथ दोस्ताना रिश्ता रखती है, जिसमें भरोसा, प्यार और समझदारी होती है। इस कहानी में मां का अपने बेटे पर भरोसा और बेटे का अपनी मां के लिए कुछ अच्छा करने का जज्बा बहुत खूबसूरती से दिखाया गया है।''

मोना ने आगे कहा, ''इस सीरीज में मेरा किरदार अपनी भावनाओं को खुलकर जीता है। वह दोबारा प्यार पर भरोसा करने की कोशिश करती है और अपने बेटे के अनोखे नजरिए को भी समझने का प्रयास करती है। यह कहानी हंसी और इमोशन के बीच उत्कृष्ट संतुलन बनाती है और दर्शकों को एक सच्ची और जुड़ी हुई कहानी का एहसास कराती है।''

वहीं मिहिर आहूजा ने अपने किरदार अगस्त्य के बारे में कहा, ''बाहर से वह जितना समझदार और आत्मविश्वासी दिखता है, अंदर से वह उतना ही भावुक बेटा है। वह अपनी मां से बहुत प्यार करता है और चाहता है कि उसकी मां खुश रहें। यही वजह है कि वह अपने तरीके से उनकी जिंदगी में खुशियाँ लाने की कोशिश करता है। मां-बेटे की दोस्ती और अपनापन इस कहानी की प्रमुख ताकत है।''

यह सीरीज प्राइम वीडियो पर 3 अप्रैल से स्ट्रीम होगी।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

सीरीज 'मां का सम' कब स्ट्रीम होगी?
यह सीरीज 3 अप्रैल से प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी।
इस सीरीज में मुख्य भूमिका कौन निभा रहा है?
इस सीरीज में मुख्य भूमिका मोना सिंह निभा रही हैं।
ट्रेलर में क्या खास दिखाया गया है?
ट्रेलर में मां-बेटे के रिश्ते की भावनात्मक जटिलताओं और हंसी-मजाक को दिखाया गया है।
राष्ट्र प्रेस