परशुराम जयंती पर होम्बले फिल्म्स का नया उपहार, 'महावतार परशुराम' का टीजर और पोस्टर लॉन्च
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 19 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। भारतीय सिनेमा में पौराणिक कहानियों पर आधारित फिल्मों का चलन तेजी से बढ़ रहा है। दर्शक अब ऐसी फिल्मों की तलाश में हैं, जिनमें बेहतरीन कहानी, शानदार विजुअल्स और गहरी सांस्कृतिक कड़ी हो। यही कारण है कि फिल्म निर्माता नए-नए सिनेमैटिक यूनिवर्स बनाने में जुटे हैं।
इस संदर्भ में, होंबले फिल्म्स एक बार फिर चर्चा में है, जिसने पहले 'केजीएफ', 'सालार' और 'कातांरा' जैसी सफल फिल्में बनाई हैं। अब कंपनी ने अपने नए प्रोजेक्ट के जरिए फैंस का उत्साह और बढ़ा दिया है।
परशुराम जयंती के इस विशेष अवसर पर होम्बले फिल्म्स ने अपने आगामी प्रोजेक्ट 'महावतार परशुराम' का पहला झलक साझा किया है। यह फिल्म 'महावतार सिनेमैटिक यूनिवर्स' का हिस्सा है, जो भगवान विष्णु के दस अवतारों पर आधारित एक महाकाय प्रोजेक्ट माना जा रहा है।
यह यूनिवर्स की दूसरी फिल्म है, इससे पहले 'महावतार नरसिम्हा' को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रियाएं मिली थीं, जिसके बाद अगली फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई।
मेकर्स ने इस फिल्म का पहला पोस्टर और टीजर अपने इंस्टाग्राम पर साझा किया है। पोस्टर में परशुराम के शक्तिशाली रूप की झलक दिखाई दे रही है, जिसमें वह धर्म की रक्षा के लिए खड़े नजर आ रहे हैं। इस पोस्ट के साथ मेकर्स ने लिखा है, ''जब दुनिया में अधर्म बढ़ता है, तब उसे समाप्त करने के लिए एक शक्ति सामने आती है।''
फिल्म का टीजर भी काफी शानदार है। इसे विजुअल इफेक्ट्स और एनीमेशन के माध्यम से तैयार किया गया है, और बैकग्राउंड म्यूजिक एक अलग अनुभव प्रदान करता है। टीजर में भगवान परशुराम के स्वरूप को एक ऐसे योद्धा के रूप में प्रस्तुत किया गया है, जो धर्म की रक्षा करते हैं।
परशुराम जयंती पर इस प्रोजेक्ट की घोषणा ने दर्शकों के उत्साह को दोगुना कर दिया है। फिल्म की रिलीज के बारे में जानकारी देते हुए मेकर्स ने बताया है कि 'महावतार परशुराम' को दिसंबर 2027 में रिलीज किया जाएगा। हालांकि, इसकी सटीक तारीख अभी तय नहीं की गई है।
इस फिल्म का निर्देशन अश्विन कुमार कर रहे हैं और इसे हिंदी, अंग्रेजी समेत कई अन्य भाषाओं में जारी किया जाएगा।