राजेंद्र प्रसाद ने एमजीआर पर की गई टिप्पणी के लिए मांगी माफी, विशाल ने कहा- गलती का अहसास बड़ी बात है
सारांश
मुख्य बातें
हैदराबाद, 14 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। दिवंगत अभिनेता और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमजी रामचंद्रन पर हाल ही में की गई टिप्पणी के लिए आलोचनाओं का सामना कर रहे अभिनेता राजेंद्र प्रसाद ने अपने प्रशंसकों से माफी मांगी है। इस पर अभिनेता और साउथ इंडियन आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (एसआईएए) के सचिव विशाल ने कहा कि गलती का अहसास होना एक महत्वपूर्ण कदम है।
विशाल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा करते हुए राजेंद्र प्रसाद का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि राजेंद्र प्रसाद ने अपनी गलती को समझते हुए तुरंत माफी मांगी, जो कि एक संवेदनशील और सराहनीय कदम है।
वीडियो में उन्होंने कहा, “नमस्ते राजेंद्र प्रसाद सर। साउथ इंडियन आर्टिस्ट्स एसोसिएशन और एमजीआर के लाखों प्रशंसकों की ओर से आपका धन्यवाद। हमारी भावनाएं आहत हुई थीं, इसलिए हमने आपसे अनुरोध किया था। इंसान से गलती होती है, लेकिन आपने गलती का एहसास करते हुए माफी मांगी, जो बहुत प्यारा और अच्छा कदम था। हम आपकी इस संवेदनशीलता के लिए आभारी हैं। यदि भविष्य में कोई आपके बारे में गलत बात करे, तो हम उसकी निंदा करेंगे।”
विशाल ने बताया कि कई वरिष्ठ लोग राजेंद्र प्रसाद की टिप्पणी से आहत थे, लेकिन माफी के बाद सभी को राहत मिली। उन्होंने कहा, “कई प्रशंसक आज भी एमजीआर को जीवित मानते हैं। उनकी भावनाओं को समझना आपका बड़ा योगदान है।”
गौरतलब है कि हैदराबाद में एक कार्यक्रम के दौरान राजेंद्र प्रसाद ने अनुभवी अभिनेता कांता राव की तारीफ करते हुए मजाकिया टिप्पणी की थी, जिसे एमजीआर के प्रशंसकों ने अपमानजनक माना। इस टिप्पणी से तमिलनाडु में आक्रोश फैल गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए राजेंद्र प्रसाद ने एक वीडियो जारी कर माफी मांगी।
माफी के दौरान उन्होंने कहा, “मैं अभिनेता राजेंद्र प्रसाद आप सभी से माफी मांगता हूं। उस कार्यक्रम में कांता राव सर का सम्मान किया जा रहा था। सर के बारे में मजाक में बात करते हुए मेरे मुंह से अनजाने में एक शब्द निकल गया। मैं उनका बहुत सम्मान करता हूं। मद्रास फिल्म इंस्टीट्यूट में पढ़ाई के दौरान वह मुख्यमंत्री थे और हमसे मिलने आते थे। मैं उनके बारे में कभी गलत नहीं सोच सकता। अगर मेरी बात से किसी की भावनाएं आहत हुईं, तो कृपया मुझे माफ कर दें। मैं वादा करता हूं कि आगे कभी ऐसा नहीं होगा। इस मामले को यहीं खत्म कर दें।”