रोशन सेठ का सफर: नेहरू के किरदार से हॉलीवुड छोड़कर बॉलीवुड में पहचान
सारांश
Key Takeaways
- रोशन सेठ का जन्म बिहार के पटना में हुआ था।
- उन्होंने लंदन एकेडमी ऑफ म्यूजिक एंड ड्रामेटिक आर्ट से प्रशिक्षण प्राप्त किया।
- उन्होंने 'गांधी' फिल्म में नेहरू का किरदार निभाकर ख्याति पाई।
- वे कई अंतरराष्ट्रीय फिल्मों में भी नजर आए।
- उनकी हालिया भूमिका 'बिहाइंड हर आईज' में थी।
मुंबई, 1 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। हिंदी फिल्म उद्योग में अपनी पहचान बनाने के बाद, कई अभिनेता वैश्विक प्रसिद्धि के लिए हॉलीवुड का रुख करते हैं। लेकिन एक भारतीय-ब्रिटिश अभिनेता ने हॉलीवुड छोड़कर भारत में अपनी पहचान बनाने का निर्णय लिया।
हम बात कर रहे हैं रोशन सेठ की, जिन्होंने जवाहर लाल नेहरू की भूमिका निभाकर ख्याति पाई।
रोशन सेठ 2 अप्रैल को अपना 84वां जन्मदिन मनाएंगे। बिहार के पटना में जन्मे रोशन सेठ को यह नहीं पता था कि वे बड़े होकर हॉलीवुड और बॉलीवुड दोनों में प्रसिद्धि प्राप्त करेंगे। उनकी मां एंग्लो-मुस्लिम थी और पिता हिंदू थे। विभाजन से पहले जन्मे रोशन के पिता पटना मेडिकल कॉलेज में बायोकेमिस्ट्री के प्रोफेसर थे और उन्होंने रोशन को भी उच्च शिक्षा के लिए विदेश भेजने का सोचा। अभिनेता ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा दून स्कूल से प्राप्त की और फिर आगे की पढ़ाई सेंट स्टीफन कॉलेज में की। 1965 में, रोशन ने लंदन एकेडमी ऑफ म्यूजिक एंड ड्रामेटिक आर्ट में प्रशिक्षण प्राप्त किया और अपनी कला को निखारा।
विदेश में रहकर उन्होंने कई थियेटर में काम किया, जिससे उनकी अभिनय की बुनियाद मजबूत हुई। हालांकि, एक ही किरदार में बंधकर थक जाने के कारण, उन्होंने 1970 के बाद यूके छोड़कर भारत लौटने का निर्णय लिया और कुछ समय पत्रकारिता में कार्य किया।
1980 में, अभिनेता ने भारत में 'गांधी' फिल्म से वापसी की, जिसमें उन्होंने जवाहर लाल नेहरू का किरदार निभाया। उनका अभिनय इतना स्वाभाविक था कि उन्हें बाफ्टा अवॉर्ड में बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर के लिए नामांकित किया गया, हालांकि वे पुरस्कार नहीं जीत पाए। 'गांधी' के बाद, उन्हें हिंदी सिनेमा में पहचान मिली और उन्होंने कई फिल्में कीं।
1998 में, अभिनेता ने 'भारत एक खोज' में भी नेहरू का किरदार निभाया। उन्होंने 'इंडियाना जोंस एंड द टेम्पल ऑफ डूम', 'माई ब्यूटीफुल लॉन्डरेट' और 'स्ट्रीट फाइटर' जैसी अंतरराष्ट्रीय फिल्मों में भी काम किया। इसके बाद, वे 'एक था टाइगर', 'गुरु', 'मानसून वेडिंग', 'सच: अ लॉन्ग जर्नी', और 'बॉम्बे बॉयेज़' जैसी फिल्मों में दिखाई दिए। अभिनेता ने साल 2021 में नेटफ्लिक्स की सीरीज 'बिहाइंड हर आईज' में मनोवैज्ञानिक डॉक्टर का किरदार निभाया था, जिसके बाद वे पर्दे से गायब हो गए हैं।