गर्मियों में इलायची: गले की खराश और मुंह के छालों के लिए प्राकृतिक उपाय
सारांश
Key Takeaways
- इलायची गर्मियों में पेट, गला और मुंह की समस्याओं के लिए प्रभावी है।
- भोजन के बाद एक इलायची चबाने से एसिडिटी नियंत्रित होती है।
- गले की खराश में इलायची का रस राहत देता है।
- मुंह के छालों से राहत पाने के लिए इलायची और मिश्री का सेवन करें।
- गर्मियों में रोजाना 1-2 इलायची का सेवन करें।
नई दिल्ली, 28 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। गर्मियों का मौसम आ चुका है और जैसे-जैसे तापमान बढ़ता है, पेट, गला और मुंह की कई प्रकार की समस्याएं आम हो जाती हैं। गर्मियों में प्राकृतिक और घरेलू उपायों से सेहतमंद रहना संभव है। इस संदर्भ में, भारतीय रसोई में मौजूद इलायची सेहत के लिए वरदान साबित होती है।
आयुर्वेद में इलायची को औषधीय गुणों का भंडार माना जाता है। यह न केवल खाने में स्वाद और सुगंध बढ़ाती है, बल्कि गर्मी से उत्पन्न समस्याओं से भी राहत दिलाती है।
आयुष मंत्रालय के अनुसार, दिन में इलायची का सेवन कई सामान्य बीमारियों से राहत पहुंचाता है। गर्मियों में सबसे अधिक समस्या अपच, एसिडिटी और मुंह के छालों की होती है। भोजन करने के बाद एक इलायची को मुंह में रखकर चबाने से पेट की हाइपर एसिडिटी नियंत्रित होती है। इससे खट्टी डकारें, सीने में जलन और भारीपन जैसे लक्षण दूर होते हैं। गर्मी में गला अक्सर खराब हो जाता है, जिससे गले में खराश, खांसी या आवाज बैठने की समस्या होती है। इस स्थिति में 1-2 इलायची को धीरे-धीरे चबाने से गले को आराम मिलता है।
गर्मी में मुंह के छालों की समस्या भी बढ़ जाती है। इलायची को मिश्री के साथ मिलाकर चबाने से छालों में जलन और दर्द कम होता है, और छाले जल्दी ठीक होते हैं। इलायची हिचकी को रोकने में भी बहुत प्रभावी है। यदि हिचकी बार-बार आ रही हो, तो एक इलायची चबाएं या इसका पाउडर पानी के साथ लें। हिचकी तुरंत बंद हो जाएगी। इसके अलावा, इलायची मुंह के संक्रमण और बैक्टीरिया को भी दूर करती है। भोजन के बाद एक इलायची चबाने की आदत डालने से मुंह की दुर्गंध खत्म होती है और दांत स्वस्थ रहते हैं। इलायची में मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट और एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण सूजन को कम करते हैं और संक्रमण से सुरक्षा प्रदान करते हैं।
इलायची का सेवन अनेक आसान तरीकों से किया जा सकता है। इसे चाय में डालकर, दूध में उबालकर या सीधे चबाकर इस्तेमाल किया जा सकता है। गर्मियों में इलायची वाली चाय या दूध पीना शरीर को ठंडक प्रदान करता है, पाचन तंत्र को मजबूत रखता है और तनाव को भी कम करता है।
विशेषज्ञों की सलाह है कि गर्मियों में रोजाना 1-2 इलायची का सेवन अवश्य करें। यह छोटी-सी आदत पेट, गला और मुंह की कई परेशानियों को जड़ से खत्म कर सकती है, हालांकि गंभीर समस्या होने पर डॉक्टर से अवश्य सलाह लें।