क्या इम्यूनिटी बढ़ाने में मददगार हैं ये तीन योगासन? रोजाना करें अभ्यास और अपनी सेहत का रखें ख्याल
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, १८ सितंबर (राष्ट्र प्रेस)। आजकल की अनहेल्दी खानपान की आदतें हमारी सेहत को नुकसान पहुंचा रही हैं। खासतौर पर ये हमारे शरीर की इम्यूनिटी यानी रोगों से लड़ने की क्षमता को प्रभावित कर रही हैं। आयुष मंत्रालय के अनुसार, इम्यून सिस्टम को मजबूत रखने के लिए संतुलित आहार, पर्याप्त नींद, मानसिक शांति और नियमित योग का पालन करना आवश्यक है।
योग केवल शरीर को लचीला और मजबूत नहीं बनाता, बल्कि यह मानसिक तनाव को भी कम करता है। जब हम नियमित रूप से योग करते हैं, तो इससे शरीर में ताजगी और ऑक्सीजन का प्रवाह सुधरता है, जिससे शरीर भीतर से मजबूत होता है। कुछ विशेष योगासन हैं जो सीधे तौर पर इम्यूनिटी को बेहतर बनाते हैं और हड्डियों तथा मांसपेशियों को भी मजबूती देते हैं।
धनुरासन में शरीर की आकृति धनुष जैसी होती है। इसे करने के लिए पेट के बल लेटकर दोनों पैरों को मोड़ें और टखनों से पकड़ें। सांस भरते हुए धीरे-धीरे सीने और जांघों को ऊपर उठाएं। इस मुद्रा में कुछ समय रुकें और फिर सामान्य स्थिति में लौटें। यह आसन पाचन तंत्र को मजबूत करने के साथ-साथ इम्यून सिस्टम को भी शक्ति प्रदान करता है।
सेतु बंधासन पीठ के बल लेटकर किया जाता है। इसे करने के लिए घुटनों को मोड़कर पैरों को जमीन पर रखें और फिर कमर और पीठ को उठाएं। यह मुद्रा कुछ सेकंड तक बनाए रखें और फिर धीरे-धीरे नीचे आएं। यह आसन थायराइड के मरीजों के लिए विशेष रूप से लाभदायक होता है और इम्यूनिटी को भी बेहतर बनाता है।
वृक्षासन के लिए सीधे खड़े होकर एक पैर को मोड़ें और उसे दूसरे पैर की जांघ पर रखें। हाथों को ऊपर उठाकर नमस्कार की मुद्रा में जोड़ें। इस स्थिति में कुछ समय रुकें और फिर दूसरी ओर दोहराएं। यह आसन शरीर में संतुलन बनाता है, रीढ़ की हड्डी को सीधा करता है और इम्यूनिटी को बढ़ाने में मदद करता है।