क्या जोहराम ममदानी न्यूयॉर्क के पहले मुस्लिम मेयर बनकर इतिहास रचते हैं?
सारांश
मुख्य बातें
न्यूयॉर्क, 1 जनवरी (राष्ट्र प्रेस)। अमेरिका के डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट जोहराम ममदानी ने गुरुवार सुबह न्यूयॉर्क शहर के 112वें मेयर के रूप में शपथ ली है। ममदानी ने नवंबर 2025 में न्यूयॉर्क के पहले मुस्लिम मेयर के तौर पर जीत हासिल की। नए साल के मौक़े पर उन्होंने अपने पद की शपथ ली है।
हालांकि, शपथ ग्रहण का कार्यक्रम छोटा था, लेकिन शाम को एक पब्लिक सेरेमनी का आयोजन किया जाएगा। अमेरिका के राजनीतिक इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि जब न्यूयॉर्क के मेयर ने कुरान हाथ पर रखकर शपथ ली हो।
इसके साथ ही, उन्होंने इस हाई-प्रोफाइल पद को संभालने वाले सबसे कम उम्र के मेयर बनकर इतिहास रच दिया है। शपथ लेने के कुछ ही समय बाद, ममदानी ने कहा, “यह सच में जिंदगी का सम्मान और खुशकिस्मती है।” बता दें, ममदानी का भारत के साथ गहरा नाता है।
नए साल के अवसर पर, ममदानी ने आधी रात के ठीक बाद एक प्राइवेट सेरेमनी में अपनी पत्नी, कलाकार रमा दुवाजी के साथ न्यूयॉर्क के मेयर पद की शपथ ली। इस दौरान उनके माता-पिता, फिल्म निर्माता मीरा नायर और कोलंबिया विश्वविद्यालय में प्रोफेसर महमूद ममदानी भी मौजूद रहे।
अमेरिकी मीडिया के अनुसार, न्यूयॉर्क स्टेट अटॉर्नी जनरल लेटिटिया जेम्स ने उन्हें शपथ दिलाई। ममदानी जेम्स को अपनी राजनीतिक प्रेरणा मानते हैं। ममदानी ने मैनहट्टन में सिटी हॉल पार्क के नीचे पुराने सिटी हॉल सबवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर शपथ ली।
ममदानी ने जिस स्थान पर शपथ ली, उसके बारे में अमेरिकी मीडिया ने बताया कि यह स्थान 1945 में स्टेशन बंद होने के बाद से बंद पड़ा था। यह जगह, गाइडेड टूर को छोड़कर आम लोगों के लिए बंद रहती है। यह न्यूयॉर्क के 28 ओरिजिनल सबवे स्टेशनों में से एक है। यह स्टेशन 1904 में खुला था, जिससे न्यूयॉर्क शहर में नवाचार और विकास की एक नई शुरुआत हुई थी।
ममदानी एक शिया मुस्लिम युगांडाई शिक्षाविद महमूद ममदानी और भारत की मशहूर फिल्म निर्माता मीरा नायर के बेटे हैं। शिक्षाविद महमूद ममदानी के पूर्वज भी भारतीय हैं। मीरा नायर भारत में एक हिंदू परिवार से आती हैं। मीरा नायर की कुछ प्रसिद्ध फिल्मों में 'सलाम बॉम्बे', 'मानसून वेडिंग', 'द नेमसेक', 'कामसूत्र-द टेल ऑफ लव' और 'मिसिसिपी मसाला' शामिल हैं।
ममदानी का जन्म 18 अक्टूबर, 1991 को युगांडा के कंपाला में हुआ था। उन्होंने युगांडा से दक्षिण अफ्रीका और न्यूयॉर्क की यात्रा की। अमेरिका में, उन्होंने 2014 में बॉडॉइन कॉलेज से अफ्रीकाना स्टडीज में डिग्री प्राप्त की, और इससे पहले बैंक स्ट्रीट स्कूल फॉर चिल्ड्रन और ब्रोंक्स हाई स्कूल ऑफ साइंस में पढ़ाई की। 2017 में, वे राजनीतिक और सामाजिक संगठन 'डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट्स ऑफ अमेरिका' में शामिल हुए और यहीं से उनके राजनीतिक सफर की शुरुआत हुई।