मेक्सिको में मोस्ट वांटेड कार्टेल नेता एल मेंचों की हत्या के बाद अफरा-तफरी
सारांश
Key Takeaways
- एल मेंचों की हत्या से मेक्सिको में हिंसा की लहर।
- अमेरिकी पर्यटक प्यूर्टो वालार्टा में फंसे हुए हैं।
- मेक्सिकन सरकार ने कार्टेल के खिलाफ कार्रवाई का वादा किया।
- सुरक्षा बलों के खिलाफ कई हमले हुए हैं।
- जलिस्को में उत्तराधिकार की लड़ाई का खतरा।
वॉशिंगटन, २४ फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। मेक्सिको में ड्रग माफिया और मोस्ट वांटेड कार्टेल नेता एल मेंचों की हत्या के बाद देश के विभिन्न हिस्सों में हिंसा का माहौल बन गया है। मेंचो की हत्या के खिलाफ कई स्थानों पर हिंसा की घटनाएं देखने को मिली हैं। हाईवे जाम हो गए हैं, गाड़ियों में आग लगाई गई है और प्यूर्टो वालार्टा सहित रिसॉर्ट शहरों में अमेरिकी पर्यटक फंसे हुए हैं।
जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल के प्रमुख नेमेसियो एल मेंचो ओसेगुएरा सर्वेंटेस को रविवार को एक मैक्सिकन मिलिट्री ऑपरेशन में मारा गया। अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि इस ऑपरेशन में यूएस इंटेलिजेंस की सहायता ली गई थी।
वॉशिंगटन पोस्ट ने एक गवाह के हवाले से कहा कि “यह सीआईए इंटेलिजेंस के कारण हुआ।”
मेक्सिको के रक्षा सचिव रिकार्डो ट्रेविला ट्रेजो ने बताया कि ऑपरेशन में कार्टेल के आठ सदस्य भी मारे गए। इस हत्या के बाद एक संगठित बदला लिया गया।
द वॉल स्ट्रीट जर्नल के अनुसार, कार्टेल ने रविवार को सुरक्षा बलों को अपनी ताकत का एहसास कराया जब बंदूकधारी पूरे मेक्सिको में सड़कों को बंद कर दिया और गाड़ियों को जला दिया, जिससे प्यूर्टो वालार्टा के आसमान में धुएं का काला गुबार फैल गया।
पैसिफिक के प्रसिद्ध रिसॉर्ट प्यूर्टो वालार्टा में मौजूद पर्यटकों के बीच अफरा-तफरी मच गई। फॉक्स न्यूज ने बताया कि कई अमेरिकी पर्यटक “कार्टेल के हिंसक कार्यों में फंस गए।”
दक्षिण कैरोलिना से आए एक यात्री यूजीन मार्चेंको ने कहा, “मैंने देखा कि वे पूरी तरह से आग की लपटों में घिरे थे। कुल छह कारें और एक फ्यूल टैंकर जल गया।”
एक अमेरिकी पर्यटक ने कहा कि “कार्टेल नेता ने लोगों से भागने को कहा,” और “फिर वे गैस डाल रहे थे और निकलने का इंतजार कर रहे थे, फिर उसमें आग लगा दी।”
अमेरिकी राज्य विभाग ने जानकारी दी है कि रविवार से मेक्सिको में फंसे सैकड़ों अमेरिकियों के फोन आ रहे हैं। एयरलाइंस द्वारा प्यूर्टो वालार्टा और ग्वाडलहारा के लिए उड़ानें निलंबित करने के बाद एक २४/७ संकट हॉटलाइन शुरू की गई थी।
अमेरिकी सरकार ने सुरक्षा अलर्ट में सलाह दी कि “मेक्सिको के ज्यादातर हिस्से सामान्य हो गए हैं” लेकिन प्यूर्टो वालार्टा, ग्वाडलहारा और स्यूदाद गुजमान में नागरिकों से वहां रुकने की अपील की गई है।
अलर्ट में कहा गया था, “एयरपोर्ट के लिए जाने से पहले सुनिश्चित कर लें कि आपकी उड़ान ग्वाडलहारा या प्यूर्टो वालार्टा से निकलने के लिए तैयार है।”
मेक्सिकन अधिकारियों ने सुरक्षा बलों के खिलाफ ८५ रोडब्लॉक और दर्जनों हमलों की जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, इस हिंसा में २५ से अधिक सुरक्षा कर्मी और एक आम नागरिक मारे गए, जबकि ३० से अधिक संदिग्ध कार्टेल सदस्य मारे गए और ७० को हिरासत में लिया गया।
राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम ने सोमवार को कहा कि “लगभग सभी गतिविधियाँ बहाल हो गई हैं,” हालांकि कुछ सेवाएँ अब भी बंद हैं।
मेंचो की मौत के बाद कार्टेल में उत्तराधिकार की लड़ाई का डर बढ़ गया है। विश्लेषकों का कहना है कि अंदरूनी संघर्ष और अस्थिरता बढ़ सकती है, विशेषकर जलिस्को में जहां २०२६ फीफा विश्व कप के दौरान मैच होंगे।
जलिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल को मेक्सिको के सबसे शक्तिशाली आपराधिक संगठनों में से एक माना जाता है, जिसकी गतिविधियाँ देश के अधिकांश हिस्सों में फैली हुई हैं और इसके ट्रैफिकिंग रूट अमेरिका में भी हैं।
मेक्सिको की सरकार ने कार्टेल को समाप्त करने और सुरक्षा बहाल करने का वादा किया है, लेकिन देश को अक्सर सुनियोजित अपराधों से जुड़ी हिंसा का सामना करना पड़ता है।