क्या पीएम मोदी ने रूसी राष्ट्रपति के घर पर हमले की खबरों पर चिंता जताई?
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 30 दिसंबर (राष्ट्र प्रेस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादीमीर पुतिन के निवास को निशाना बनाए जाने की खबरों पर अपनी गहरी चिंता व्यक्त की है। पीएम मोदी ने मंगलवार को शांति की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के विवाद को कूटनीतिक तरीके से ही सुलझाना चाहिए। रूस ने दावा किया है कि 91 यूक्रेनी ड्रोन ने मास्को के उत्तर में नोवगोरोड क्षेत्र में पुतिन के आवास पर हमले की कोशिश की थी।
प्रधानमंत्री ने आज रूसी राष्ट्रपति के घर को निशाना बनाने की खबरों पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने एक्स पर ऐसे किसी भी हमले को गलत ठहराया। पीएम मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि दुश्मनी को समाप्त करने और स्थायी शांति प्राप्त करने के लिए चल रहे डिप्लोमैटिक प्रयास ही सबसे उचित मार्ग हैं। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से इन प्रयासों पर ध्यान देने और ऐसे किसी भी कार्य से बचने की अपील की जो उन्हें कमजोर कर सकता है।
पीएम ने एक्स पर लिखा: “रूसी राष्ट्रपति के निवास पर हमले की खबरों से मैं बहुत चिंतित हूं। दुश्मनी समाप्त करने और शांति प्राप्त करने के लिए चल रहे कूटनीतिक प्रयास ही सबसे उचित रास्ता हैं। हम सभी संबंधित पक्षों से इन प्रयासों पर ध्यान देने और ऐसे किसी भी काम से बचने की अपील करते हैं जो उन्हें कमजोर कर सकता है।”
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने टेलीविजन बयान में कहा कि रविवार और सोमवार की मध्य रात्रि को लंबी दूरी के 91 ड्रोन से हमला किया गया, हालांकि उसमें कोई नुकसान नहीं हुआ। सभी ड्रोन को मार गिराया गया था। उन्होंने चेतावनी दी कि रूस उचित समय पर जवाबी कार्रवाई करने का अधिकार सुरक्षित रखता है।
यूक्रेन ने ऐसे किसी भी हमले की खबर से इनकार किया है। रूसी मीडिया के मुताबिक, 'क्रेमलिन' के विदेश नीति सलाहकार यूरी उशाकोव ने राष्ट्रपति ट्रंप को इसके बारे में अवगत कराया तो वह "स्तब्ध" रह गए थे।