वेनेजुएला में अमेरिका की राजनयिक उपस्थिति का पुनः आरंभ, काराकास दूतावास खुला
सारांश
Key Takeaways
- अमेरिका ने काराकास में दूतावास खोला।
- यह कदम वेनेजुएला में राजनयिक उपस्थिति को पुनर्स्थापित करता है।
- राजदूत लॉरा एफ. डोगू ने मिशन का नेतृत्व किया।
- कांसुलर सेवाएं चरणबद्ध तरीके से शुरू होंगी।
- यह कदम अमेरिका और वेनेजुएला के बीच संबंध सुधारने का संकेत है।
वॉशिंगटन, 30 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। अमेरिका ने सोमवार को काराकास में अपने दूतावास में कार्य फिर से आरंभ किया। कई वर्षों तक सीमित संबंधों के बाद, अमेरिका ने वेनेजुएला में अपनी राजनयिक उपस्थिति को पुनः स्थापित किया है।
विदेश विभाग ने जानकारी दी कि मार्च 2019 से अमेरिकी कूटनीति का संचालन कोलंबिया के बोगोटा में स्थित 'वेनेजुएला मामलों की इकाई' के माध्यम से हो रहा था।
विभाग ने कहा, "सोमवार को हम औपचारिक रूप से काराकास में अमेरिकी दूतावास में कार्य फिर से शुरू कर रहे हैं। यह वेनेज़ुएला में हमारी राजनयिक उपस्थिति का एक नया अध्याय है।"
राजदूत लॉरा एफ. डोगू जनवरी में काराकास पहुंची थीं ताकि वह इस मिशन का नेतृत्व कर सकें। वह दूतावास के पुनर्निर्माण और कर्मचारियों की वापसी की तैयारियों पर ध्यान दे रही हैं।
उनकी टीम दूतावास की मुख्य इमारत के मरम्मत कार्य में लगी हुई है। अधिकारियों ने बताया कि जितनी जल्दी संभव हो सके, कर्मचारियों की पूरी वापसी सुनिश्चित की जाएगी और इसके बाद कांसुलर सेवाओं को फिर से शुरू करने में भी मदद मिलेगी।
विदेश विभाग ने इस कदम को वेनेज़ुएला के लिए राष्ट्रपति की तीन-चरणीय योजना में एक महत्वपूर्ण मोड़ बताया है।
अधिकारियों के अनुसार, दूतावास का पुनः उद्घाटन वेनेजुएला की अंतरिम सरकार, नागरिक समाज और निजी क्षेत्र के साथ अमेरिका के संबंधों को और बेहतर करेगा।
काराकास में अमेरिकी दूतावास को 2019 में तब बंद किया गया था, जब दोनों देशों के बीच रिश्ते बिगड़ गए थे और तनाव बढ़ गया था। तब से अधिकारी कोलंबिया में स्थित 'वेनेज़ुएला मामलों की इकाई' के माध्यम से ही कार्य कर रहे थे।
अधिकारियों ने बताया कि महत्वपूर्ण सेवाओं को विभिन्न चरणों में पुनः शुरू किया जाएगा। वीज़ा और कांसुलर सेवाओं से जुड़े कार्यों में अभी कुछ और समय लगेगा।
यह वापसी इस बात का संकेत है कि वॉशिंगटन वेनेजुएला के संस्थानों, नागरिक समाज और निजी क्षेत्र के साथ सीधे तौर पर फिर से जुड़ना चाहता है।
यह अमेरिकी प्रशासन की एक बड़ी और चरणबद्ध योजना को भी दर्शाता है, जिसका उद्देश्य वर्षों से सीमित संपर्क और राजनीतिक मतभेदों के बाद, दोनों देशों के संबंधों को स्थिर बनाना, काउंसलर सेवाओं को फिर से शुरू करना और इस क्षेत्र में अपनी उपस्थिति को और मजबूत करना है।