क्या बिहार की जनता से किए गए हर वादे को पूरा करेंगे मंत्री जयवीर सिंह?
सारांश
मुख्य बातें
लखनऊ, 14 नवंबर (राष्ट्र प्रेस)। उत्तर प्रदेश के मंत्री जयवीर सिंह ने शुक्रवार को बिहार विधानसभा चुनाव की काउंटिंग में एनडीए की बढ़त का स्वागत किया।
समाचार एजेंसी राष्ट्र प्रेस से बातचीत में उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार में बिहार के लोगों से जो वादे एनडीए ने किए थे, उन्हें हमारी सरकार हर हाल में पूरा करेगी। हम इन वादों को पूरा करने में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरतेंगे। हमारी प्राथमिकता जनता के हित के लिए काम करना है।
उन्होंने कहा कि बिहार के शुरुआती रुझानों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अब विकास की राजनीति का समय आ गया है। जंगलराज को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। बिहार में अब एनडीए के लिए राजनीतिक माहौल पूरी तरह से अनुकूल है।
इस बीच, उत्तर प्रदेश सरकार के अन्य मंत्री अनिल कुमार ने भी शुरुआती रुझानों में एनडीए की बढ़त पर बिहार की जनता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने यह साबित कर दिया है कि अब उन्हें विकास की राजनीति चाहिए। पिछले दो दशकों में एनडीए के शासन में जो विकास हुआ, उसे आगे बढ़ाना हमारी जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि विशेष रूप से मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करना चाहूंगा। पीएम ने हमेशा सुनिश्चित किया कि बिहार के विकास में कोई लापरवाही न हो। इसका परिणाम है कि आज बिहार में एनडीए की स्थिति मजबूत है।
यहां बता दें कि बिहार की 243 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को मतदान हुआ था।