क्या बिहार में एएसआई की गला रेतकर हत्या हुई?
सारांश
मुख्य बातें
सिवान, 30 अक्टूबर (राष्ट्र प्रेस)। बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस सतर्कता बरतने का दावा कर रही है। इसी दौरान, सिवान में एक पुलिस अधिकारी की हत्या की दुखद खबर आई है।
अज्ञात अपराधियों ने सिवान के दरौंदा थाना में तैनात एएसआई की बर्बरता से हत्या कर दी है। घटना की सूचना मिलने के बाद जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस ने बताया कि अपराधियों ने धारदार हथियार से सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) की हत्या कर शव को सुनसान इलाके में फेंक दिया।
पुलिस ने गुरुवार को दरौंदा थाना क्षेत्र के बसांव नवका टोला से एक शव की सूचना मिलने के बाद उसे बरामद किया, जिसकी पहचान एएसआई अनिरुद्ध कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दरौंदा थाना क्षेत्र में तैनात एएसआई अनिरुद्ध कुमार सिविल ड्रेस में थे।
बुधवार रात, जब वह कहीं जा रहे थे, तब अपराधियों ने धारदार हथियार से उनकी हत्या कर शव को सुनसान इलाके में फेंक दिया। दरौंदा के थाना प्रभारी विकास कुमार सिंह ने बताया कि शव को देखकर स्पष्ट है कि अपराधियों ने धारदार हथियार से उनका गला रेतकर हत्या की। हत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है।
उन्होंने बताया कि वे बुधवार शाम को सिविल ड्रेस में कहीं जा रहे थे। वे कहां जा रहे थे, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और आवश्यक निर्देश दिए। संदिग्ध अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।