चंबा में बारिश का बड़ा पूर्वानुमान: प्रशासन ने जारी किया येलो अलर्ट
सारांश
मुख्य बातें
चंबा, 13 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। चंबा के उपायुक्त मुकेश रेपासवाल ने मौसम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि आईएमडी द्वारा चंबा जिले के लिए 12, 13 और 14 मार्च को येलो अलर्ट जारी किया गया है। आज ग्रीन अलर्ट रहेगा, लेकिन कल यह फिर से येलो में बदल जाएगा। फील्ड में कार्यरत टीम को पहले से ही निर्देश दिए जा चुके हैं।
उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि जब भारी बारिश की संभावना हो, तो नदी और नालों के पास न जाएं। साथ ही, बारिश के समय यात्रा को टालने की सलाह दी। उपायुक्त मुकेश रेपासवाल ने बताया कि पिछले मानसून के कारण पहाड़ अभी भी असुरक्षित हैं, जिससे भूस्खलन की संभावना बनी हुई है। किसी भी प्रकार की आपदा की सूचना 1077 पर कॉल करके दी जा सकती है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में उपलब्ध जानकारी के अनुसार कोई भी बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। कई स्थानों पर बारिश जारी है और पटवारी प्रभावित क्षेत्रों से जानकारी जुटा रहे हैं। जैसे ही कोई सूचना प्राप्त होती है, प्रभावित परिवारों को राहत नियमावली के अनुसार सहायता प्रदान की जाएगी। कुछ क्षेत्रों में बर्फबारी की भी सूचना मिली है। सर्दियों के लिए हमारी तैयारी पहले से थी, इसलिए टीम पूरी तरह से सतर्क है। यदि कहीं भी कोई समस्या होती है, तो उसे जल्द से जल्द हल कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि पिछले 23 जनवरी को शिमला और मनाली में मौसम की पहली बर्फबारी हुई थी, जिससे सड़कें और पहाड़ सफेद हो गए थे। बर्फ से ढके दृश्यों का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक भी वहां पहुंचे थे।