जेवर क्षेत्र के विकास के लिए चोला रेलवे स्टेशन बनेगा आधुनिक परिवहन केंद्र, एयरपोर्ट से होगी बेहतर कनेक्टिविटी
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 2 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। जेवर विधानसभा क्षेत्र के विकास को तेजी देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। क्षेत्र के विधायक धीरेंद्र सिंह ने संसद भवन, नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बातचीत कर चोला रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण और इसे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ने के विषय पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक के दौरान विधायक ने चोला रेलवे स्टेशन को मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जेवर में बन रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश के सबसे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में से एक है। ऐसे में आसपास के रेलवे नेटवर्क को मजबूत बनाना अत्यंत आवश्यक है।
विधायक धीरेंद्र सिंह ने रेल मंत्री के समक्ष कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे। इनमें चोला रेलवे स्टेशन का आधुनिक स्वरूप में पुनर्विकास, यात्रियों के लिए सुविधाओं का विस्तार, एयरपोर्ट तक तेज और सुगम रेल कनेक्टिविटी सुनिश्चित करना, नई प्रस्तावित रेल लाइन को शीघ्र मंजूरी दिलाना और प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की व्यवस्था शामिल है। इसके साथ ही उन्होंने स्टेशन को लॉजिस्टिक्स और औद्योगिक विकास का केंद्र बनाने का भी प्रस्ताव रखा।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे, किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध होगा और उद्योगों को सीधा लाभ पहुंचेगा। यह कदम पश्चिमी उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगा।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने विधायक को आश्वस्त किया कि रेल मंत्रालय इन प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार कर रहा है। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण किया जा रहा है और जल्द ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी को और मजबूत बनाया जा सके।
बैठक में अनूपशहर के विधायक संजय शर्मा भी उपस्थित रहे। अंत में विधायक धीरेंद्र सिंह ने केंद्र और राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि आने वाले समय में जेवर क्षेत्र इंफ्रास्ट्रक्चर, निवेश और रोजगार का बड़ा केंद्र बनकर उभरेगा।