सीएम योगी ने जरूरतमंद बच्ची की स्कूल फीस जमा कराने का दिया निर्देश
सारांश
Key Takeaways
- सीएम योगी ने जरूरतमंद बच्ची की स्कूल फीस जमा कराने का निर्देश दिया।
- सरकार ने गंभीर बीमारियों के लिए आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया।
- मुख्यमंत्री ने लगभग 200 लोगों की समस्याएं सुनीं।
- हर बेटी की शिक्षा और सुरक्षा राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
- सभी अधिकारियों को संवेदनशीलता से काम करने का निर्देश दिया गया।
गोरखपुर, 6 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बेटियों के प्रति संवेदनशीलता का एक और उदाहरण सोमवार को जनता दर्शन में देखने को मिला। जब एक बेटी ने सीएम से कहा कि आर्थिक समस्या के कारण वह अपनी स्कूल फीस नहीं भर पा रही है, तो मुख्यमंत्री ने तुरंत अधिकारियों को उसकी फीस जमा करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने गंभीर बीमारियों के उपचार हेतु आर्थिक सहायता मांगने आए लोगों को भी आश्वस्त किया कि वे उच्चीकृत अस्पताल से इस्टिमेट प्राप्त कर लें, सरकार चिकित्सा खर्च में भरपूर मदद प्रदान करेगी। सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने लगभग 200 लोगों से मुलाकात की। मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सभागार में कुर्सियों पर बैठे लोगों से मुख्यमंत्री ने एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं। सीएम ने सभी को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का उचित, विधिसम्मत, समयबद्ध और संतोषजनक समाधान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में आए लोगों के प्रार्थना-पत्रों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए इस संबंध में निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि किसी को भी परेशानी या घबराने की जरूरत नहीं है। सरकार हर कठिनाई में आपके साथ है। हर समस्या का प्रभावी समाधान किया जाएगा। एक बेटी ने मुख्यमंत्री को बताया कि वह पढ़ाई करना चाहती है, लेकिन परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण फीस जमा करने में कठिनाई हो रही है।
इस पर त्वरित संवेदनशीलता दिखाते हुए सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि तुरंत उस बेटी की स्कूल फीस की व्यवस्था की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक कठिनाई के कारण किसी भी बेटी की पढ़ाई नहीं रुकनी चाहिए। हर बेटी को सुरक्षा के साथ-साथ उसका सर्वांगीण विकास राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। जब एक बेटी शिक्षित होती है तो समाज पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर पीड़ित के साथ संवेदनशीलता से पेश आएं और उनकी समस्या का समाधान कर उन्हें संतुष्ट करें। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। यदि कोई पात्र व्यक्ति सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित है, तो उसे तत्काल योजनाओं का लाभ दिया जाए।
कैंसर से प्रभावित अपने परिजन के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंची एक महिला से मुख्यमंत्री ने कहा कि उच्चीकृत सरकारी अस्पताल में मरीज को दिखाकर इस्टिमेट प्राप्त कर लें। इलाज में पूरी मदद की जाएगी। सीएम योगी ने इसे लेकर अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन लोगों को उपचार में आर्थिक सहायता की आवश्यकता है, उनके इस्टीमेट की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा कर शासन को उपलब्ध कराया जाए। हर जरूरतमंद को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पर्याप्त सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने सिद्धार्थनगर से आई एक गरीब महिला को पेंशन और अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी अधिकारियों को निर्देश दिए।