सरकार ने 'विकसित दिल्ली, हरित दिल्ली' के लिए की प्रतिबद्धता: रविंद्र इंद्राज सिंह
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 19 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री और बावाना विधानसभा क्षेत्र के विधायक रविंद्र इंद्राज सिंह ने रविवार को दरियापुर कलां में लगभग 5.73 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित नई फिरनी रोड का उद्घाटन किया।
यह सड़क बावाना में दादा मालदेव तालाब को नांगल मोर रोड से जोड़ती है, जिससे क्षेत्र में कनेक्टिविटी में काफी सुधार हुआ है।
अधिकारियों के अनुसार, यह महत्वपूर्ण परियोजना दिल्ली विलेज डेवलपमेंट बोर्ड के फंड से मंत्री के प्रयासों और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के सहयोग से पूरी की गई है।
मंत्री ने बताया कि यह परियोजना लगभग 20 वर्षों से लंबित थी, जिसे अब सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। यह स्थानीय लोगों के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि वर्षों से लोगों की मांग के बावजूद पहले कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया था। अब इस सड़क के निर्माण से दरियापुर और आसपास के क्षेत्रों में विकास को नई गति मिली है।
इस फिरनी रोड के निर्माण से हजारों लोगों को आसान, सुरक्षित और तेज कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे यात्रा का समय कम होगा और इलाके में ट्रैफिक व्यवस्था भी बेहतर होगी। यह परियोजना दिल्ली के ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
स्थानीय निवासियों ने कहा कि दरियापुर और सुल्तानपुर डाबस जैसे गांव लंबे समय से विकास से वंचित थे, लेकिन अब यहां चल रहे कार्यों से स्पष्ट बदलाव दिखाई दे रहा है, जिससे लोगों का जीवन स्तर उन्नत हो रहा है।
रविंद्र इंद्राज सिंह ने कहा कि गांवों और ग्रामीण क्षेत्रों का विकास उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार ग्रामीण इलाकों में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी ऐसे विकास कार्य जारी रखे जाएंगे।
उन्होंने कहा कि मजबूत बुनियादी ढांचा और बेहतर कनेक्टिविटी किसी भी क्षेत्र के विकास की नींव होती है।