देशभर में आगजनी की घटनाओं ने फैलाई अफरा-तफरी, हजारों परिवार बेघर
सारांश
Key Takeaways
- भयावह आगजनी से हजारों लोग प्रभावित हुए हैं।
- राहत कार्य जारी हैं, लेकिन कई लोग बेघर हो गए हैं।
- दिल्ली में मटियाला और मंसाराम पार्क में आग लगी।
- नोएडा की फैक्ट्री में भीषण आग से 32 लोग घायल हुए।
- किसी भी घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
नई दिल्ली, 12 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। गुरुवार को दिल्ली और गुजरात समेत देश के विभिन्न हिस्सों में हुई आगजनी की घटनाओं ने लोगों के बीच भय का माहौल बना दिया। राहत एवं बचाव कार्यों के चलते आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन इन घटनाओं ने हजारों परिवारों को संकट में डाल दिया है। कई लोग झुलसने के कारण अस्पतालों में भर्ती हैं, जबकि कई परिवारों का आशियाना छिन गया है।
दिल्ली के मटियाला क्षेत्र में देर रात मच्छी मार्केट के पास लगी भीषण आग ने लगभग 400 झुग्गियों को ख़ाक कर दिया। यह आग रात 11:54 बजे की सूचना मिली और 25 दमकल गाड़ियों की सहायता से सुबह 3:25 बजे तक बुझाई गई। स्थानीय निवासी घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए।
एक स्थानीय महिला ने कहा, "मुझे नहीं पता आग कैसे लगी। मैं बच्चों के साथ अस्पताल गई हुई थी, इस समय यहाँ नहीं थी। हमारी सारी चीजें जल गईं, सब कुछ खत्म हो गया। हम बहुत गरीब हैं, अब हमारे सिर पर न तो छत है और न खाने के लिए खाना।"
एक अन्य महिला ने बताया, "इस आग में हमारा सब कुछ जलकर राख हो गया। कुछ भी नहीं बचा है। पता नहीं किसने आग लगाई और दमकल की गाड़ियाँ भी एक घंटे बाद आईं, जिससे सब कुछ ख़त्म हो गया। हम अब भूखे-प्यासे हैं।"
इसी तरह, दिल्ली के मंसाराम पार्क में भी बुधवार रात अचानक आग लग गई। पीएस बिंदापुर को रात 11:57 बजे सूचना मिली। पुलिस और दमकल ने तेजी से कार्रवाई करते हुए वहाँ रहने वालों को सुरक्षित बाहर निकाला। मौके पर लगभग 28 दमकल गाड़ियाँ पहुँच गईं और रात 3 बजे तक आग पर काबू पाया गया। सौभाग्य से इस आग में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन लगभग 80 झुग्गियां पूरी तरह से जल गईं।
दिल्ली के नोएडा सेक्टर-4 में स्थित इलेक्ट्रॉनिक मीटर बनाने वाली फैक्ट्री में गुरुवार सुबह आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान रात की शिफ्ट में 200 से 250 कर्मचारी काम कर रहे थे। अचानक आग लगने से पूरे परिसर में धुआं भर गया और कर्मचारियों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। इस घटना में लगभग 32 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से कई की हालत गंभीर है।
कच्छ के भाचाऊ में भी गुरुवार सुबह स्क्रैप यार्ड में आग लग गई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। भाचाऊ नगर पालिका और एक निजी कंपनी की दो दमकल गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं और आग पर काबू पाया। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी को चोट नहीं आई।
तमिलनाडु के कृष्णगिरि जिले में होसुर के पास एक वेयरहाउस में भीषण आग लगी, जिससे लाखों रुपये के माल का नुकसान हुआ। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया और पुलिस कारणों की जांच में जुटी है।