उत्तम नगर के मटियाला क्षेत्र में भीषण आग, 400 झुग्गियां जलकर खाक
सारांश
Key Takeaways
- उत्तम नगर के मटियाला में 400 झुग्गियों का जलना
- आग लगने की घटना में जनहानि नहीं हुई
- दमकल विभाग ने रात में तेजी से कार्रवाई की
- स्थानीय प्रशासन राहत कार्य में जुटा
नई दिल्ली, 12 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। उत्तम नगर के मटियाला क्षेत्र में बुधवार को देर रात एक बड़ी आग लगने की घटना हुई, जिसने लगभग 400 झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 11 बजे मटियाला की मच्छी मार्किट के समीप स्थित झुग्गियों में अचानक आग लग गई और कुछ ही मिनटों में यह विकराल रूप ले गई। आग इतनी भयंकर थी कि उसकी लपटें और धुएं का गुबार बहुत दूर तक दिखाई दे रहा था, जिसके कारण आसमान लाल हो गया। आस-पास के लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शुरुआत में कुछ झुग्गियों से धुआं उठता दिखाई दिया, लेकिन थोड़ी ही देर में आग तेजी से फैलने लगी। झुग्गियां एक-दूसरे के निकट होने के कारण आग ने कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। लोग अपनी जान बचाने के लिए तुरंत झुग्गियों से बाहर निकलने लगे। कई लोग अपने महत्वपूर्ण सामान भी नहीं निकाल पाए और सब कुछ जलकर राख हो गया।
आग लगने की सूचना रात 11 बजकर 54 मिनट पर फायर कंट्रोल रूम को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचने लगीं। आग की गंभीरता को देखते हुए लगभग 25 दमकल गाड़ियों को मौके पर तैनात किया गया। दमकल कर्मियों ने घंटों की मेहनत के बाद तड़के करीब 3 बजकर 25 मिनट पर आग पर काबू पा लिया।
बताया जा रहा है कि इस भीषण आग में करीब 400 झुग्गियां पूरी तरह जलकर खाक हो गई हैं। आग इतनी भयंकर थी कि कई परिवारों का सारा सामान जल गया और वे बेघर हो गए। राहत की बात यह है कि अब तक किसी जनहानि की खबर नहीं आई है।