लखनऊ में आग के प्रकोप से झुग्गियां जलकर राख, उपमुख्यमंत्री ने की जांच के आदेश
सारांश
मुख्य बातें
लखनऊ, 15 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विकास नगर में बुधवार को एक भीषण आग लगने से कई झुग्गियां पूरी तरह से जलकर खाक हो गईं। आग की लपटें इतनी भयानक थीं कि पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक देखा गया।
अधिकारियों के अनुसार, विकास नगर सेक्टर-12 के रिंग रोड किनारे स्थित एक खाली भूखंड पर बसी झुग्गी बस्ती में आग लगी। प्रारंभिक तौर पर आग एक झोपड़ी से भड़की और तेज हवा के कारण यह तेजी से फैल गई। आग ने कई झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे हजारों लोग प्रभावित हुए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद बस्ती में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की करीब 20 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटे की मेहनत के बाद आग पर आंशिक रूप से काबू पाया जा सका।
घटना के बाद मौके पर पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें तैनात की गईं। राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने घटनास्थल का दौरा करते हुए कहा कि आग बुझाने के लिए सभी संसाधन लगाए गए हैं और घायलों को तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने आग लगने के कारणों की जांच के निर्देश भी दिए हैं।
उपमुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि लखनऊ के विकास नगर में आग लगने की दुखद सूचना मिलने पर वह तत्काल घटनास्थल पहुंचे और प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए दिशा-निर्देश दिए हैं।
उन्होंने उच्च स्तरीय जांच करने और जिलाधिकारी, पुलिस कमिश्नर, मुख्य विकास अधिकारी, नगर आयुक्त, एनडीआरफ व अन्य अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को रहने और भोजन की व्यवस्था करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए हैं।
उन्होंने आगे कहा कि पीड़ित परिवारों की पीड़ा, हमारी भी पीड़ा है। इस कठिन समय में राज्य सरकार हर संभव तरीके से पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
जिलाधिकारी विशाख ने बताया कि प्रभावित परिवारों को अस्थायी रूप से रैन बसेरों में स्थानांतरित किया जा रहा है और उनके पुनर्वास की व्यवस्था की जा रही है।
वहीं, पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र कुमार सेंगर ने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है और किसी बड़े जनहानि की सूचना नहीं है।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और आग लगने के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।