क्या दिल्ली एनसीआर में इस हफ्ते गरज-चमक के साथ बारिश होगी? मौसम विभाग का येलो अलर्ट जारी
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 24 जून (राष्ट्र प्रेस)। दिल्ली और आसपास के एनसीआर क्षेत्र में प्री मानसून की दस्तक के बाद, एक ओर जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर अधिक उमस ने लोगों को परेशान कर रखा है। मौसम विभाग ने इस पूरे हफ्ते के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें तेज बारिश और तेज हवाओं का सामना करने की संभावना जताई गई है। साथ ही, हल्की फुहारें भी जारी रह सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, येलो अलर्ट 24 जून से 29 जून तक सक्रिय रहेगा। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, इस सप्ताह अधिकतम तापमान 34-36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26-28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। इस दौरान, ह्यूमिडिटी का स्तर 55 से 90 प्रतिशत तक पहुंच सकता है, जिससे उमस भरी स्थिति का सामना करना पड़ेगा।
मौसम विभाग ने 24 जून को शाम और रात के समय हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका जताई है। 25 और 26 जून को दिनभर गरज-चमक के साथ बारिश के संकेत हैं, जिससे जलभराव और ट्रैफिक की समस्या हो सकती है।
28 और 29 जून को "थंडरस्टॉर्म विथ रेन" और "रेन और थंडरशावर्स" की चेतावनी दी गई है। दिनभर गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है, इसलिए सतर्क रहने की आवश्यकता है। हालांकि, बादलों के कारण लोगों को सीधी धूप से राहत मिली है, परंतु अधिक ह्यूमिडिटी के चलते उमस बनी हुई है।
मौसम वैज्ञानिकों और डॉक्टरों ने सलाह दी है कि खुले स्थानों पर बिजली गिरने की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर शरण लें। तेज हवाओं और बारिश के समय पेड़ों और खंभों से दूरी बनाए रखें। जलभराव वाले क्षेत्रों में वाहन चलाते समय सावधानी बरतें। साथ ही, अधिक से अधिक पानी पीते रहें क्योंकि उमस भरे इस मौसम में पसीना अधिक होने के कारण डिहाइड्रेशन की समस्या हो सकती है।