क्या एनडीए में सबकुछ ठीक है? धर्मवीर प्रजापति का बयान
सारांश
मुख्य बातें
लखनऊ, 15 अक्टूबर (राष्ट्र प्रेस)। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए के विभिन्न दलों के बीच सीट बंटवारे से संबंधित नाराजगी पर स्पष्ट करते हुए कहा कि ऐसी कोई समस्या नहीं है। यदि कोई छोटी-मोटी समस्या होगी, तो हमारे शीर्ष नेतृत्व के साथ मिलकर इसका समाधान किया जाएगा। यह कोई बड़ा मुद्दा नहीं है।
राष्ट्र प्रेस से बातचीत में उन्होंने बताया कि एनडीए में सबकुछ ठीक है और हमें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
समाजवादी पार्टी (सपा) द्वारा चुनाव आयोग को पत्र लिखकर बुर्का पहनने वाली महिलाओं की जांच को भेदभावपूर्ण बताने पर उन्होंने उत्तर दिया कि इसमें भेदभाव का कोई सवाल नहीं है। हमारी महिला अधिकारी जांच करेंगी और पहचान करेंगी, इसमें कोई भेदभाव नहीं है। सपा की मंशा कुछ और है। वे भारतीय जनता पार्टी पर वोट चोरी का आरोप लगाते हैं, लेकिन उनकी मंशा स्पष्ट है। वोट डालने के समय पहचान में कोई दिक्कत नहीं आनी चाहिए। यदि चुनाव आयोग ने यह निर्देश दिया है, तो हमें इसका पालन करना होगा।
ओम प्रकाश राजभर द्वारा बिहार चुनाव अकेले लड़ने के ऐलान पर प्रजापति ने कहा कि ओम प्रकाश राजभर हमारे गठबंधन के सहयोगी हैं। उत्तर प्रदेश में हमारा गठबंधन है और हम इसे सही से निभा रहे हैं। बिहार में हमारा गठबंधन नहीं है।
पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर रेप मामले पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान पर कड़ा रुख अपनाते हुए प्रजापति ने कहा कि ममता बनर्जी का बयान पूरी तरह से गैर-जिम्मेदाराना और निंदनीय है। वे एक महिला मुख्यमंत्री हैं, फिर भी ऐसी बातें कर रही हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा की गारंटी देते हैं। यदि पश्चिम बंगाल में सख्ती होती, तो ऐसी घटनाएं नहीं होतीं। यदि वहां सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो जनता उन्हें सबक सिखाएगी।
ज्ञात हो कि बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे। 14 नवंबर को परिणाम घोषित किया जाएगा। भाजपा और जदयू ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। लेकिन, अभी तक महागठबंधन में सीट शेयरिंग का फॉर्मूला नहीं निकला है। दावा किया जा रहा है कि जल्द ही घोषणा होगी।