डीआरडीओ वीआरडीई ने जूनियर रिसर्च फेलो के लिए आवेदन आमंत्रित किए, अंतिम तिथि 30 अप्रैल
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 7 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) की एक प्रमुख प्रयोगशाला, वाहन अनुसंधान एवं विकास संगठन (वीआरडीई), ने जूनियर रिसर्च फेलो (जेआरएफ) के लिए कुल तीन पदों पर भर्ती की आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
डीआरडीओ के अंतर्गत आने वाले वीआरडीई ने ऑनलाइन (ईमेल) माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है, और आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल है। योग्य और इच्छुक उम्मीदवार जो जूनियर रिसर्च फेलो पद के लिए आवेदन करना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
वीआरडीई ने जिन तीन पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं, उनमें जूनियर रिसर्च फेलो (जेआरएफ) - मैकेनिकल इंजीनियरिंग के लिए 2 और जूनियर रिसर्च फेलो (जेआरएफ) - इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के लिए 1 पद शामिल है।
आवेदकों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद के अनुसार प्रथम श्रेणी में बीई/बीटेक या एमई/एमटेक की डिग्री होनी चाहिए, साथ ही वैध गेट स्कोर (2024, 2025, 2026) होना अनिवार्य है। इसके अलावा, उम्मीदवारों को अन्य निर्धारित पात्रता और अनुभव भी होना चाहिए।
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 28 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना इंटरव्यू की तिथि के अनुसार की जाएगी। आरक्षित श्रेणी के कैंडिडेट्स को आयु सीमा में नियमानुसार छूट दी जाएगी। योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स को 37,000 रुपए प्रति माह सैलरी मिलेगी। इसके साथ ही अन्य लाभ और भत्ते भी प्रदान किए जाएंगे।
वीआरडीई द्वारा वॉक-इन-इंटरव्यू का आयोजन 4 मई से 7 मई तक 'वीआरडीई, वाहननगर पीओ, अहिल्यानगर 414006 (महाराष्ट्र)' केंद्र पर किया जाएगा। इंटरव्यू के दिन ही लिखित परीक्षा भी आयोजित की जाएगी। दस्तावेजों का सत्यापन प्रक्रिया सुबह 09.30 से 11.30 बजे के बीच होगी, जिसके बाद 11.30 बजे से इंटरव्यू प्रक्रिया शुरू होगी। इंटरव्यू में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को समय पर पहुंचने और सभी आवश्यक दस्तावेजों को अपने साथ लाने की सलाह दी जाती है।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार को सबसे पहले डीआरडीओ वीआरडीई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। होमपेज पर जाकर संबंधित पद के लिए आवेदन फॉर्म को डाउनलोड करें और उसका प्रिंट आउट निकालें। सभी आवश्यक जानकारियों को भरने के बाद, उचित दस्तावेजों के साथ अधिसूचना में दिए गए आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेज दें।