गुजरात का शानदार प्रदर्शन: यूपीएससी सीएसई 2025 में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने दी बधाई
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 6 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने शुक्रवार को अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर सिविल सेवा परीक्षा (सीएसई) 2025 का अंतिम परिणाम जारी किया है।
इस वर्ष यूपीएससी द्वारा जारी किए गए परिणाम के अनुसार, अनुज अग्निहोत्री ने इस परीक्षा में ऑल इंडिया पहले स्थान पर कब्जा जमाया है। वहीं, दूसरे स्थान पर राजेश्वरी सुवे एम और तीसरे स्थान पर एकांश ढुल ने अपनी जगह बनाई है। यह परिणाम प्रीलिम्स, मेंस और इंटरव्यू के आधार पर जारी किया गया है।
आयोग की ओर से जारी आधिकारिक मेरिट सूची के अनुसार, कुल 958 उम्मीदवारों को देश की विभिन्न प्रतिष्ठित सेवाओं जैसे भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) और भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के पद पर नियुक्त किया जाएगा।
यूपीएससी द्वारा सीएसई 2025 परिणाम के प्रकाशन के बाद चयनित उम्मीदवारों को बधाई देने का क्रम जारी है। इस बीच, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्रभाई पटेल ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा, "गुजरात के उन सभी 34 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई, जिन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 में सफलता प्राप्त की है। यह हमारे राज्य के लिए गौरव का विषय है। अपने ज्ञान और समर्पण से ये युवा 'विकसित गुजरात, विकसित भारत' के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।"
उन्होंने आगे कहा, "मुझे यह जानकर खुशी हो रही है कि गुजरात सरकार के सरदार पटेल लोक प्रशासन संस्थान (एसपीआईपीए) द्वारा प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रदान किए गए उत्कृष्ट प्रशिक्षण, प्रेरणादायक वातावरण और युवाओं की मेहनत ने इस अभूतपूर्व उपलब्धि को राज्य के लिए गौरवान्वित किया है।"
सीएम पटेल ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमारे सामने '2047 तक विकसित भारत' का ऊँचा दृष्टिकोण रखा है। मुझे विश्वास है कि आप सभी अपने प्रशासनिक कौशल से इस दृष्टिकोण को साकार करने में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देंगे और राष्ट्र सेवा एवं जन कल्याण के मूल्यों को सर्वोपरि रखते हुए सुशासन का एक नया उदाहरण प्रस्तुत करेंगे। आपकी यह उपलब्धि लाखों अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। मैं सभी सफल उम्मीदवारों को हार्दिक बधाई देता हूं और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं।"