इंदौर के तिलक नगर में आग की भीषण घटना, छह लोगों की जान गई
सारांश
Key Takeaways
- इंदौर में आग लगने की घटनाएँ बढ़ रही हैं।
- छह लोगों की जान गई है।
- आग का कारण इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग प्वाइंट हो सकता है।
- दमकलकर्मियों ने तेजी से आग पर काबू पाया।
- स्थानीय प्रशासन को सुरक्षा मानकों पर ध्यान देने की आवश्यकता है।
इंदौर, 18 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। इंदौर के तिलक नगर पुलिस थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक तीन मंजिला इमारत में आग लगने से हड़कंप मच गया। इस आग के कारण छह लोगों की जान चली गई है। आग पर काबू पाने के लिए आठ से 10 दमकलकर्मियों की एक टीम मौके पर पहुंची।
इंदौर के कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन यह संभवतः इलेक्ट्रॉनिक वाहन चार्जिंग प्वाइंट से शुरू हुई थी। यह घटना बेहद दुःखद है। छह लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि हमारी टीम अन्य लोगों को बचाने में जुटी हुई है।
पुलिस आयुक्त संतोष सिंह ने राष्ट्र प्रेस को बताया कि हमें सुबह करीब 4 बजे तिलक नगर के पास बृजेश्वरी एन्क्लेव में आग लगने की सूचना मिली। हमारी बचाव टीमें अग्निशामक विभाग के साथ तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकल गाड़ियों और पानी की बौछारों की मदद से हमने आग को एक-एक मंजिल करके बुझाया।
उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यवश, छह लोगों की मौत हो गई है। हमारी टीम घटनास्थल पर मौजूद है। एक इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग पर थी, जिससे ऐसा लग रहा है कि आग यहीं से लगी। पुलिस आयुक्त ने बताया कि हमारी टीम के सामने दो से तीन धमाके भी हुए।
बता दें कि यह आग की पहली घटना नहीं है, हाल ही में कई स्थानों पर आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं। पिछले सोमवार को देवास में भी एक भीषण आग की खबर आई थी, लेकिन गनीमत थी कि किसी प्रकार का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ था। दमकलकर्मी अनुभव चंदेल ने बताया कि आग बुझाने के लिए 10 से 12 गाड़ियां लगी थीं।
रविवार को दिल्ली के अंधेरिया मोड़ स्थित नेचर बाजार में भीषण आग लगने से अफरातफरी मच गई थी, जिसमें 50 से अधिक दुकानें जलकर खाक हो गई थीं।