क्या 70 साल में जो नहीं हुआ, वो अगली सरकार में होगा? राजीव प्रताप रूडी
सारांश
मुख्य बातें
छपरा, 15 नवंबर (राष्ट्र प्रेस)। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक जीत के पश्चात भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने बताया कि एनडीए ने बिहार को आगे ले जाने का संकल्प लिया है, जिसे निरंतरता दी जाएगी।
भाजपा सांसद ने कहा कि 70 साल में जो नहीं हुआ, वो अगली सरकार में होगा। हम अपने विजन और जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। बिहार की प्रगति के पथ पर हम सभी को मिलकर काम करना है।
राजीव प्रताप रूडी ने सांगा समाज से मिले प्रेम के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि मुजफ्फरपुर कार्यक्रम के दौरान सांगा समाज से मिले आत्मीय स्वागत के लिए धन्यवाद।
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता को शत-शत नमन। यह जनादेश विकास, सुशासन, सामाजिक न्याय और स्थिर नेतृत्व पर जनता के विश्वास की जीत है। पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार के लिए निरंतर समर्पण से कार्य किए, और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य को स्थिरता और प्रगति की मजबूत नींव दी। एनडीए के सभी कार्यकर्ताओं और सहयोगी दलों को इस प्रचंड जीत के लिए बधाई।
यह जनादेश हमें और अधिक निष्ठा, ऊर्जा और सेवा-भाव से बिहार की सेवा करने का संकल्प देता है।
बता दें कि भारतीय चुनाव आयोग ने शुक्रवार को बिहार की 243 विधानसभा सीटों पर परिणाम घोषित किए हैं। एनडीए ने 202 सीटों पर जीत हासिल की। भाजपा प्रदेश की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, जिसके खाते में 89 सीटें आईं, जबकि जदयू को 85, राजद को 25, लोजपा (रामविलास) को 19 और कांग्रेस को 6 सीटों पर संतोष करना पड़ा।