क्या भारी बारिश ने मुंबई की रफ्तार रोक दी? सीएम फडणवीस ने बताया प्रशासन सतर्क है
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 19 अगस्त (राष्ट्र प्रेस)। महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई में पिछले 24 घंटों में 350 मिमी से अधिक और पिछले 6 घंटों में 150 मिमी से ज्यादा बारिश हुई है, जिससे शहर में कई स्थानों पर जलजमाव की स्थिति देखी जा रही है, जो कि जनजीवन को प्रभावित कर रहा है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "भारी बारिश के कारण कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई में पिछले 24 घंटों में 350 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई है। इसके चलते एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को तैनात किया गया है। मीठी नदी में जलस्तर बढ़ने के कारण कुछ लोगों को रेस्क्यू किया गया है।"
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बताया कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) को हाई अलर्ट पर रखा गया है। मुंबई के आयुक्त और अन्य अधिकारी स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और राहत कार्यों को तेजी से अंजाम दिया जा रहा है। शहर में 525 पंप सक्रिय हैं और एनडीआरएफ की टीमें राहत कार्यों में जुटी हुई हैं। मीठी नदी के जलस्तर को देखते हुए इसके आस-पास रहने वाले लगभग 350 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया गया है।
भारी बारिश के बीच भाजपा विधायक संजय उपाध्याय ने बीएमसी कंट्रोल रूम का दौरा किया। उन्होंने असिस्टेंट कमिश्नर संध्या नांदेडकर के साथ मिलकर सीसीटीवी फुटेज के जरिए उन क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया, जहां जलजमाव की समस्या थी।
संजय उपाध्याय ने मीडिया से बातचीत में बताया कि मुंबई में पिछले कुछ दिनों से जोरदार बारिश हो रही है। उन्होंने कहा, "बीते 24 घंटे में 350 मिमी से अधिक और केवल 6 घंटे में 150 मिमी से ज्यादा बारिश हुई है। इसके बावजूद बोरीवली के कई क्षेत्रों में जलजमाव नहीं हुआ।"
उन्होंने बताया, "पहले जहां पानी भरता था, वहां बीएमसी और रेलवे के बेहतर समन्वय से निकासी की व्यवस्था की गई है। झुग्गियों में भी पानी नहीं घुसा। जनवरी से चल रहे सड़क और नाले की सफाई के कार्यों का असर दिखा, जिससे झुग्गी क्षेत्रों में भी पानी नहीं घुसा।"
मुंबई में बारिश के कारण उत्पन्न चुनौतियों से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय है और नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की गई है।