क्या जीएसटी बचत उत्सव से लोगों को लाभ होगा? बीजेपी ने शुरू की जन जागरूकता पहल
सारांश
मुख्य बातें
नवी मुंबई, 22 सितंबर (राष्ट्र प्रेस)। केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी दरों में की गई कटौती के लाभ को आम जनता तक पहुँचाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने 'जीएसटी बचत उत्सव' की शुरुआत की है।
इस पहल के तहत सोमवार को बीजेपी के चार सांसद नवी मुंबई के वाशी पहुंचे, जहां उन्होंने व्यापारियों और नागरिकों से संवाद स्थापित कर जीएसटी कटौती के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस दौरान व्यापारियों से निवेदन किया गया कि वे इस कटौती का लाभ उपभोक्ताओं तक पहुँचाएं ताकि आम जनता को इसका सीधा फायदा मिल सके।
कार्यक्रम में सांसद जगदंबिका पाल ने नागरिकों से बातचीत करते हुए कहा, "जीएसटी दरों में कमी से आपकी जो बचत होगी, उसका उपयोग स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी में करें। स्वदेशी अपनाकर हम भारत को हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बना सकते हैं। जब हमारा देश आत्मनिर्भर होगा, तभी हम एक विकसित राष्ट्र के रूप में वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान स्थापित कर पाएंगे।"
उन्होंने विशेष रूप से नवरात्रि और दीपावली के त्योहारी सीजन में स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की।
वहीं, पीएम मोदी के नेतृत्व में हुए ऐतिहासिक जीएसटी सुधार के उपलक्ष्य में सोमवार को झारखंड के पलामू भाजपा ने एक विशेष अभियान चलाया। शहर के बाजार क्षेत्र में जीएसटी बचत उत्सव के साथ-साथ स्वदेशी अभियान भी प्रारंभ किया गया।
इस दौरान पलामू सांसद विष्णु दयाल राम के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता और नेता आम दुकानदारों और ग्राहकों से मिले।
दुकानदारों को गुलाब का फूल और स्वदेशी अभियान का पोस्टर देकर उनसे अनुरोध किया गया कि वे अधिक से अधिक स्वदेशी सामान बेचें और लोग भी खरीदारी में स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें।
इस दौरान भाजपा सांसद ने कहा कि स्वदेशी अपनाकर ही देश को आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और आने वाले दिनों में तीसरे स्थान पर होगा। जीएसटी सुधार से खाद्य पदार्थ और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतें कम होंगी, जिससे आमजन को सीधा लाभ मिलेगा। इससे दुकानदारों की बिक्री के साथ उपभोक्ताओं की खरीदारी भी बढ़ेगी।