क्या तेजस्वी को सीएम बनाने का लालू यादव का सपना मुंगेरीलाल की तरह ढह जाएगा? : गिरिराज सिंह
सारांश
मुख्य बातें
जमशेदपुर, 23 जून (राष्ट्र प्रेस)। केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने यह दावा किया है कि बिहार में एक बार फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनेगी।
सोमवार को जमशेदपुर के पास आदित्यपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार के लोग लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार को पूरी तरह से नकार चुके हैं। लालू यादव का अपने बेटे तेजस्वी यादव को बिहार का सीएम बनाने का सपना मुंगेरीलाल के हसीन सपनों की तरह ध्वस्त होने वाला है।
गिरिराज सिंह ने राजद सुप्रीमो लालू यादव की तुलना ‘शोले’ फिल्म के गब्बर सिंह से करते हुए कहा कि उनके शासनकाल में बिहार में कोई भी सुरक्षित नहीं था। लोग जब घर से बाहर निकलते थे तो उनकी माताएं उनके सुरक्षित लौटने की दुआ करती थीं। बहनें और बेटियां असुरक्षित थीं। बिहार के लोग उस तरह के गब्बर राज को फिर से लौटने नहीं देंगे।
केंद्रीय मंत्री ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि सरकार वोट बैंक की राजनीति में बांग्लादेशी मुसलमानों को मेहमान की तरह बुला रही है। घुसपैठियों को बसाकर राज्य की सांख्यिकी को बदल दिया गया है। राज्य के आदिवासी, मूलवासी और स्थानीय लोग हाशिए पर जा रहे हैं। चंपई सोरेन ने झारखंड मुक्ति मोर्चा से नाता तोड़कर भाजपा में शामिल होने का निर्णय इसीलिए लिया है, ताकि झारखंड को बांग्लादेश बनने से रोका जा सके।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत 2047 तक दुनिया के सबसे बेहतरीन देशों में शामिल होगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे प्रधानमंत्री की परिकल्पना के भारत के निर्माण में आगे आएं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि स्टार्टअप से जुड़े युवा देश की तस्वीर बदलने में जुटे हैं।