मुंबई के होटल में बीसीसीआई के ब्रॉडकास्ट इंजीनियर की मौत, पुलिस ने शुरू की जांच
सारांश
Key Takeaways
- घटना का स्थान: मुंबई
- मृतक का नाम: यान विलियम्स लेग्नफोर्ड
- पुलिस की कार्रवाई: एक्सीडेंटल डेथ का मामला दर्ज
- जांच की स्थिति: सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है
- मेहमानों की चिंता: होटल में अन्य मेहमानों के बीच चिंता है
मुंबई, 31 मार्च (आईएएनएस)। मुंबई के ट्राइडेंट होटल में उस समय अव्यवस्था फैल गई, जब आईपीएल मैच देखने आए एक विदेशी अतिथि का शव उसके कमरे से मिला। मृतक की पहचान ब्रिटिश नागरिक यान विलियम्स लेग्नफोर्ड के रूप में हुई है, जो बीसीसीआई के ब्रॉडकास्ट इंजीनियर के रूप में कार्यरत थे।
यान 24 मार्च से ट्राइडेंट होटल में ठहरे हुए थे और आईपीएल मैचों के प्रसारण के काम से मुंबई आए थे। 29 मार्च को मैच समाप्त होने के बाद वह अपने होटल के कमरे में लौटे थे। इसके बाद, 30 मार्च को होटल स्टाफ ने जब उनके कमरे से संपर्क करने की कोशिश की, तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
संदेह होने पर होटल कर्मचारियों ने मास्टर चाबी का उपयोग करके कमरे का दरवाजा खोला। अंदर पहुँचने पर उन्होंने यान को फर्श पर गिरा हुआ पाया। इस घटना की सूचना तुरंत होटल प्रशासन को दी गई, जिसके बाद उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। वहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही मरीन ड्राइव पुलिस मौके पर पहुँची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इस मामले में एक्सीडेंटल डेथ का मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार की साजिश या बाहरी चोट के संकेत नहीं मिले हैं। हालांकि, मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर ध्यान देकर जांच की जा रही है। होटल स्टाफ और संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ भी की जा रही है, ताकि घटना के बारे में सम्पूर्ण जानकारी इकठ्ठा की जा सके।
इस घटना ने होटल में ठहरे अन्य मेहमानों और स्टाफ के बीच चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। फिलहाल, पुलिस मामले की सभी कोणों से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के कारणों का पता चल सके।