मुंबई के ट्राइडेंट होटल में बीसीसीआई के ब्रॉडकास्ट इंजीनियर का शव मिला, जांच जारी
सारांश
Key Takeaways
- ब्रिटिश नागरिक यान विलियम्स लेग्नफोर्ड का शव ट्राइडेंट होटल में मिला।
- पुलिस ने एक्सीडेंटल डेथ का मामला दर्ज किया है।
- घटना की जांच मरीन ड्राइव पुलिस कर रही है।
- होटल स्टाफ और अन्य लोगों से पूछताछ जारी है।
- पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार किया जा रहा है।
मुंबई, 31 मार्च (आईएएनएस)। मुंबई के ट्राइडेंट होटल में एक विदेशी मेहमान का शव उसके कमरे से मिलने पर हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान ब्रिटिश नागरिक यान विलियम्स लेग्नफोर्ड के रूप में हुई है, जो बीसीसीआई के ब्रॉडकास्ट इंजीनियर के रूप में कार्यरत थे।
जानकारी के अनुसार, यान 24 मार्च से ट्राइडेंट होटल में ठहरे हुए थे, और आईपीएल मैचों के प्रसारण के संबंध में मुंबई आए थे। 29 मार्च को मैच समाप्त होने के बाद, वह अपने होटल के कमरे में लौट आए थे। 30 मार्च को होटल स्टाफ ने जब उनके कमरे से संपर्क करने की कोशिश की, तो कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
होटल के कर्मचारियों ने संदेह होने पर मास्टर चाबी से दरवाजा खोला। अंदर जाकर उन्होंने यान को फर्श पर बेहोश पाया। तुरंत होटल प्रशासन को सूचित किया गया, और उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही मरीन ड्राइव पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इस मामले में एक्सीडेंटल डेथ का मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में किसी तरह की साजिश या बाहरी चोट के कोई संकेत नहीं मिले हैं। हालांकि, मौत के असली कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि वे सभी पहलुओं पर ध्यान दे रहे हैं और होटल स्टाफ तथा अन्य संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ कर रहे हैं ताकि घटना का पूरा विवरण प्राप्त किया जा सके। इस घटना के कारण होटल में ठहरे अन्य मेहमानों और कर्मचारियों में चिंता का माहौल बना हुआ है। वर्तमान में पुलिस मामले की हर संभावना की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार कर रही है, जिससे मृतक के निधन का कारण स्पष्ट हो सके।