मुंबई के माटुंगा रेलवे वर्कशॉप में अचानक लगी आग, लोगों में मची अफरा-तफरी
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 7 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। माटुंगा क्षेत्र में स्थित रेलवे वर्कशॉप में अचानक आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना माटुंगा रेलवे स्टेशन के निकट सेंट्रल रेलवे के कोच मरम्मत वर्कशॉप में हुई, जहाँ रेलवे के डिब्बों की मरम्मत और रखरखाव का कार्य किया जाता है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वर्कशॉप परिसर में खड़े एक कोच में आग लगी, जिसके बाद लपटें तेजी से बढ़ने लगीं और धुआं दूर-दूर तक फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही कई दमकल की गाड़ियाँ मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
अधिकारियों के अनुसार, आग पर काबू पाने के लिए तुरंत सुरक्षा उपाय किए गए और आसपास के क्षेत्र को तुरंत खाली कराया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालाँकि, एहतियात के तौर पर एक मेडिकल टीम को मौके पर तैनात किया गया था।
ताजा जानकारी के अनुसार, दोपहर सवा तीन बजे के आसपास एक एलएचबी स्लीपर कोच में आग लगने की जानकारी मिली। दमकल विभाग को तत्कालीक घटना की सूचना दी गई। 4:00 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन कोच का लगभग 70 से 80 प्रतिशत हिस्सा आग में जलकर नष्ट हो गया।
इससे पहले, 8 फरवरी को राजस्थान के जैसलमेर में एक चलती ट्रेन में आग लगने से चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई थी। स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस के एक कोच के नीचे आग लग गई थी, जो दिल्ली से जैसलमेर जा रही थी। यह घटना जैसलमेर के जेठा चंदन रेलवे स्टेशन के पास हुई।
एक अधिकारी ने बताया कि जैसे ही लोको पायलट को खतरा महसूस हुआ, उसने समझदारी दिखाते हुए तुरंत ट्रेन को एक सुरक्षित स्थान पर रोक दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। ट्रेन के रुकने के बाद, रेलवे स्टाफ ने तुरंत आग बुझाना शुरू किया। फायर एक्सटिंग्विशर और अन्य संसाधनों का उपयोग कर स्टाफ ने कुछ ही समय में आग पर काबू पा लिया। ट्रेन में सवार यात्रियों को कुछ समय के लिए घबराहट हुई।
अधिकारियों ने आगे बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। आग बुझने के बाद, ट्रेन ने जैसलमेर के लिए अपनी यात्रा फिर से शुरू की।