पंजाब में अवैध हथियार सप्लाई मॉड्यूल का खुलासा, एक नाबालिग सहित दो गिरफ्तार
सारांश
Key Takeaways
- पंजाब पुलिस ने अवैध हथियार सप्लाई मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया।
- एक नाबालिग समेत दो आरोपी गिरफ्तार हुए।
- पुलिस ने पांच देसी पिस्तौल बरामद की हैं।
- आरोपियों का नेटवर्क विदेश में स्थित हैंडलर्स से जुड़ा था।
- पंजाब पुलिस अवैध हथियारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है।
चंडीगढ़, 8 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। पंजाब पुलिस ने खुफिया सूचना के आधार पर एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई के दौरान एक नाबालिग समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पंजाब के डीजीपी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, "कपूरथला पुलिस की कार्रवाई में एक नाबालिग समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से पांच देसी पिस्तौल (7.65 एमएम) भी बरामद की हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है, जिससे इस मामले से जुड़े अन्य लोगों को गिरफ्तार किया जा सके।"
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई खुफिया सूचना मिलने के बाद विशेष ऑपरेशन के तहत की गई। प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी विदेश में बैठे हैंडलर्स के निर्देश पर काम कर रहे थे। इनका संपर्क फिलीपींस और यूएई में कुछ संदिग्ध लोगों से था, जो इस नेटवर्क को संचालित कर रहे थे।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने अवैध हथियार मध्य प्रदेश से खरीदे थे। इसके बाद इन हथियारों को पंजाब में सक्रिय आपराधिक गिरोहों तक पहुंचाने की योजना बनाई गई थी। बरामद पिस्तौलों का उपयोग इलाके में फायरिंग, धमकी देने और जबरन वसूली जैसी आपराधिक गतिविधियों के लिए किया जाना था।
पंजाब पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, यह नेटवर्क काफी संगठित तरीके से काम कर रहा था और इसके तार देश के बाहर बैठे लोगों से जुड़े हुए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस मॉड्यूल से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। साथ ही हथियारों की सप्लाई चेन और इसके पीछे काम कर रहे अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
डीजीपी ने कहा कि इस मामले में आगे और पीछे के लिंक की गहन जांच की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का पूरी तरह से पर्दाफाश किया जा सके। पंजाब पुलिस राज्य में अवैध हथियारों के नेटवर्क को समाप्त करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। प्रदेश में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे ऑपरेशन आगे भी लगातार जारी रहेंगे।